कायमगंज /फर्रुखाबाद |
त्योहारों और बाजारों में बिकने वाली मिठाइयों की शुद्धता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। कायमगंज क्षेत्र के लालपुर पट्टी गांव में शनिवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने एक घर के अंदर संचालित हो रहे कथित अवैध मिठाई कारखाने पर छापेमारी की। यहां रंग-बिरंगे लड्डू और सोनपपड़ी तैयार कर बाजारों में सप्लाई किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। अचानक हुई इस कार्रवाई से गांव से लेकर आसपास के दुकानदारों तक खलबली मच गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर पुलिस बल के साथ जब बताए गए ठिकाने पर पहुंचे तो वहां मिठाई बनाने का काम चलता मिला। टीम को देखते ही कारखाने का संचालक राकेश मौके से भाग निकला। मौके पर उसका भाई मौजूद मिला। छापेमारी की जानकारी फैलते ही घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के मुताबिक, जांच के दौरान कारखाने के संचालन से संबंधित लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन संचालक की ओर से कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने मौके पर तैयार रखे गए तथा अधबने लड्डुओं के नमूने लिए और उन्हें नियमानुसार सील कर दिया। इन नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
छापे की खबर फैलते ही दुकानों के शटर धड़ाधड़ बंद!
कार्रवाई की खबर बाजार में पहुंचते ही मिठाई कारोबारियों में भी हलचल मच गई। बताया गया कि कई मिठाई विक्रेताओं और दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दीं। अचानक हुई इस कार्रवाई ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनके निर्माण के तरीकों को लेकर एक बार फिर चर्चा छेड़ दी है।
जांच रिपोर्ट खोलेगी मिठाई की हकीकत
खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि मौके से लिए गए नमूनों की प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जाएंगे।
