नवाबगंज/फर्रुखाबाद ।
मोहल्ला चांदनी में कच्ची दीवार ढहने से 22 वर्षीय ज्योति की मौत के बाद मंगलवार को उस समय मामला गरमा गया, जब परिजन शव का अंतिम संस्कार करने के लिए उसे लेकर जा रहे थे। गांव दौलतपुर के पास पुलिस ने शव यात्रा को रोक दिया और पोस्टमार्टम कराने की बात कही। अचानक पुलिस के पहुंचने से मौके पर काफी देर तक हलचल बनी रही।

क्राइम प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन पाल और कस्बा प्रभारी गीतम कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन इसके लिए तैयार नहीं हुए। परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने की अपनी सहमति लिखित रूप में पुलिस को दी।
लिखित सहमति मिलने के बाद पुलिस ने शव यात्रा को आगे जाने की अनुमति दे दी। इसके बाद परिजन शव को लेकर अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।

जिला पंचायत सदस्य भी मौके पर पहुंचे
घटनाक्रम की जानकारी मिलने पर जिला पंचायत सदस्य यशवीर सिंह आर्य भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर हादसे और पुलिस की कार्रवाई की जानकारी ली। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई और परिजन शव लेकर आगे रवाना हो गए।
तड़के भरभराकर गिरी थी कच्ची दीवार
गौरतलब है कि मंगलवार तड़के नवाबगंज के मोहल्ला चांदनी में कच्चे मकान की दीवार अचानक भरभराकर गिर गई थी। हादसे के दौरान मलबे में दबकर 22 वर्षीय ज्योति की मौत हो गई थी। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं, शव यात्रा रोके जाने और पोस्टमार्टम को लेकर हुए घटनाक्रम ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया।

