कायमगंज/फर्रुखाबाद |
शकुन्तला देवी शिक्षण संस्थान में मंगलवार को आयोजित छात्र परिषद के शपथ ग्रहण समारोह में अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी का अनूठा संगम देखने को मिला। समारोह में मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार द्विवेदी तथा विशिष्ट अतिथि कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार शुक्ला ने छात्र-छात्राओं को नेतृत्व की शपथ दिलाते हुए उन्हें समाज और राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद नन्हे-मुन्ने बच्चों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का भावपूर्ण स्वागत किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार का मन मोह लिया और बच्चों के समूह नृत्य पर उपस्थित लोगों ने जमकर तालियां बजाईं।

समारोह के दौरान विद्यालय के छात्र प्रमुख, उप प्रमुख, खेल प्रमुख, हाउस कैप्टन, कक्षा प्रमुख एवं उप प्रमुखों को शपथ दिलाई गई। मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने सभी छात्र प्रतिनिधियों को बैज पहनाकर उनके नेतृत्व की औपचारिक जिम्मेदारी सौंपी और उन्हें विद्यालय की गरिमा बनाए रखने, अनुशासन का पालन करने तथा अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनने का संदेश दिया।
विद्यालय की प्रबंधिका मोनिका अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि कर्तव्यों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ पालन करने का दायित्व है। उन्होंने सभी नव-निर्वाचित छात्र प्रतिनिधियों से विद्यालय और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को पूरी लगन से निभाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि राजेश कुमार द्विवेदी ने विद्यालय की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि आज के छात्र ही कल के जिम्मेदार नागरिक और देश के भविष्य हैं। उन्होंने बच्चों को अनुशासन, मेहनत और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि विनोद कुमार शुक्ला ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि सच्चा नेता वही होता है जो सभी को साथ लेकर चलता है। उन्होंने कहा कि किसी भी पद का अहंकार नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का बोध होना चाहिए। बच्चों से उन्होंने माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान करते हुए अपने अच्छे आचरण से विद्यालय, समाज और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में अंग्रेजी माध्यम के प्रधानाचार्य अनिल बाबू तिवारी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह में हिन्दी माध्यम के प्रधानाचार्य सुतीक्षण श्रीवास्तव, जूनियर विंग की प्रधानाचार्या नाहिद जाफरी, उप-प्रधानाचार्य प्रभंजन कुमार सहित संतोष शर्मा, ममता सिंह, लक्ष्मी गंगवार, विकास कुमार श्रीवास्तव, मनीष गौर, राजीव गंगवार, अजेंद्र कश्यप, महीन खान, सिल्की मिश्रा, एवं विद्यालय का समस्त शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन सुरभि श्रीवास्तव और ईशू सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
