अमरोहा में धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़, शिवलिंग उखाड़ा:ग्रामीणों का आक्रोश, पुलिस ने आरोपी को लिया हिरासत
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर खुर्द में एक धार्मिक स्थल पर तोड़फोड़ और शिवलिंग उखाड़ने की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि वायरल वीडियो में रामदेव, जयदेव (पुत्र लखपत सिंह) और जयदेव की पत्नी रानी दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, मंदिर की यह भूमि वर्षों पुरानी है और राजस्व अभिलेखों में मंदिर के नाम दर्ज है। आरोपियों ने मंदिर से सटी भूमि पर कब्जा करने की नीयत से शिवलिंग को उखाड़कर फेंक दिया।
वायरल वीडियो में एक युवक पहले शिवलिंग को उखाड़कर जमीन पर पटकता दिख रहा है। इसके बाद एक महिला भी उसे दोनों हाथों से उठाकर दोबारा जमीन पर पटकती नजर आती है। ग्रामीणों का कहना है कि घटना के समय पुलिस की मौजूदगी के बावजूद यह हरकत की गई, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की भूमि को जल्द से जल्द कब्जामुक्त कराया जाए। उन्होंने खंडित शिवलिंग के स्थान पर विधि-विधान से पुनः शिवलिंग स्थापित करने और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई न होने पर वे उग्र आंदोलन करेंगे।
थाना अध्यक्ष संजय प्रताप सिंह के अनुसार, भूमि कब्जे के विवाद में एक व्यक्ति द्वारा शिवलिंग उखाड़ने की शिकायत मिली थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
