धमकियों से परेशान युवक ने फंदे पर लटककर दी जान:अमरोहा में बहन को लेकर था परेशान
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा के रहरा थाना क्षेत्र में धमकियों से परेशान एक युवक ने आत्महत्या कर ली। इस मामले में रहरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को ग्राम रहरई निवासी रवि पुत्र प्रेमपाल ने रहरा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। रवि ने बताया कि उसकी बहन नोएडा में काम करती है, जिसे घनश्याम उर्फ राहुल ने प्रेमजाल में फंसा लिया था। आरोपी घनश्याम लगातार उसकी बहन से संपर्क में था।
रवि का आरोप है कि घनश्याम ने उसके मोबाइल पर फोन कर उसे और उसके भाई अरुण को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने बहन को जबरन उठा ले जाने की बात भी कही, जिससे पूरा परिवार भयभीत और मानसिक तनाव में आ गया था।
परिजनों के मुताबिक, लगातार मिल रही धमकियों और सामाजिक बदनामी के डर से रवि का भाई अरुण गहरे मानसिक दबाव में आ गया था। इसी तनाव के कारण अरुण जंगल में चला गया और वहां फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए रहरा थाना पुलिस ने मुकदमा संख्या 179/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 351(3) और 108 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी घनश्याम उर्फ राहुल पुत्र महेश बाबू को गिरफ्तार किया। वह ग्राम धनमाऊ, थाना बिछवा, जिला मैनपुरी का निवासी है और वर्तमान में मोहल्ला जोगा, कस्बा बेवर, जिला मैनपुरी में रहता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे माननीय न्यायालय, अमरोहा में पेश कर दिया है।
