डीएम ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा:महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को गंभीरता से लेने की कही बात

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
2 Min Read

डीएम ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा:महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ हो रहे अपराधों को गंभीरता से लेने की कही बात

जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा

अमरोहा में शनिवार शाम डीएम डॉ. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में अभियोजन कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक हुई। जिला मजिस्ट्रेट ने सभी अभियोजकों को विभिन्न न्यायालयों में लंबित महत्वपूर्ण और संवेदनशील प्रकरणों में प्रभावी पैरवी कर अधिकतम दोषसिद्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने विशेष रूप से महिलाओं के विरुद्ध अपराधों और पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने इन मामलों में शत-प्रतिशत दोषसिद्धि के लिए गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियोजन कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, साक्ष्यों और गवाहों के बीच उचित समन्वय बनाए रखते हुए मजबूत पैरवी सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि दोषियों को कठोरतम दंड मिल सके।

जिला मजिस्ट्रेट ने निर्देशित किया कि महिलाओं के विरुद्ध अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। जघन्य एवं गंभीर धाराओं में वांछित अपराधियों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें किसी भी स्थिति में बख्शा न जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन मामलों में अभियोजकों को किसी अभियुक्त की दोषमुक्ति अनुचित लगे, उनमें नियमानुसार समयबद्ध अपील की जाए।

डीएम ने लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने, अभियोजन और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों को समन्वित और उत्तरदायित्वपूर्ण ढंग से कार्य करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, उपजिलाधिकारी सदर शशिभूषण पाठक, उपजिलाधिकारी हसनपुर, संबंधित अभियोजक और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *