भीम आर्मी, आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन:छात्रों पर लाठीचार्ज, पेपर लीक की जांच और शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अमरोहा कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने राष्ट्रपति के नाम एक मांग पत्र डीएम को दिया, जिसमें छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की गई।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली के जंतर मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने पेपर लीक और भर्ती घोटालों पर केंद्र सरकार की जवाबदेही तय करने और शिक्षा एवं भर्ती प्रणाली में सुधार के कदम उठाने पर जोर दिया।
आजाद समाज पार्टी के मंडल प्रभारी (मुरादाबाद) प्रशांत आंबेडकर, जिलाध्यक्ष मनोज कुमार और भीम आर्मी के जिला संयोजक विकेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आज युवा शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता, प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर रूप से चिंतित हैं।
पार्टी ने हालिया छात्र आंदोलनों और पुलिस कार्रवाई पर भी सवाल उठाए। उनकी प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा, NEET पेपर लीक से जान गंवाने वाले छात्रों के परिवारों को 1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और पेपर लीक व छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस कार्रवाई पर संसद में विस्तृत चर्चा शामिल थी।
प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि आंदोलन में शामिल विद्यार्थियों के खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई न की जाए। उन्होंने शिक्षा माफियाओं और पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ कठोर और समयबद्ध कार्रवाई की अपील की, साथ ही रामपुर स्थित जौहर यूनिवर्सिटी पर प्रस्तावित बुलडोजर कार्रवाई को रोकने और छात्रों के हितों की रक्षा करने की मांग भी उठाई।
