फर्रुखाबाद/
मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा पुलिसकर्मी पर मारपीट के आरोप लगाने का मामला तूल पकड़ गया है। युवक ने निष्पक्ष जांच और दोबारा मेडिकल परीक्षण की मांग को लेकर जिलाधिकारी आवास पहुंचकर शिकायत की, जिसके बाद पुलिस उसे मेडिकल प्रक्रिया के लिए लोहिया अस्पताल लेकर गई। देर रात तक अस्पताल परिसर में हंगामे जैसी स्थिति बनी रही और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार काशीराम कॉलोनी निवासी अमन ने आरोप लगाया कि 28 मई को चौकी क्षेत्र में तैनात एक सिपाही अपने कुछ साथियों के साथ शराब के नशे में गाली-गलौज कर रहा था। विरोध करने पर उसके साथ कथित रूप से मारपीट की गई। युवक का कहना है कि घटना के बाद उसे थाने ले जाकर मेडिकल कराया गया, लेकिन उसकी चोटों और शिकायतों पर उचित ध्यान नहीं दिया गया।
दूसरी ओर पुलिस का कहना है कि युवक उस समय अत्यधिक शराब के नशे में था। मेडिकल परीक्षण में इसकी पुष्टि होने के बाद उसका चालान किया गया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई पूरी तरह नियमानुसार की गई।
शनिवार को अमन अपने परिजनों के साथ जिलाधिकारी आवास पहुंचा और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई का आरोप लगाते हुए दोबारा मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की। मामले की सूचना पर महिला थाना पुलिस युवक को लेकर लोहिया अस्पताल पहुंची, जहां दोबारा मेडिकल को लेकर परिजनों और अस्पताल कर्मियों के बीच बहस हो गई। स्थिति को देखते हुए कादरी गेट और मऊ दरवाजा थाने की पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई।
अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को बताया कि एक बार मेडिकल परीक्षण हो जाने के बाद पुनः जांच विशेष मेडिकल पैनल की संस्तुति से ही कराई जा सकती है। इसके बाद युवक के मामले की जांच के लिए मेडिकल पैनल गठित करने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने मारपीट के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई थी। हालांकि उन्होंने कहा कि लगाए गए आरोपों की जांच कराई जाएगी और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवक और उसके परिजन निष्पक्ष जांच तथा मेडिकल पैनल से परीक्षण की मांग पर अड़े हुए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
