फर्रुखाबाद।
लगातार हुई बारिश ने शहर और आसपास के इलाकों में जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी है। बढ़पुर ब्लॉक क्षेत्र से सातनपुर मंडी की ओर जाने वाले अंडरपास में बारिश का पानी भर जाने से आवागमन बाधित हो गया है। हालत यह है कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी अंडरपास से पानी नहीं निकल सका है। खतरे को देखते हुए नगर पालिका ने अंडरपास को टीन के तख्तों से बंद कर दिया है।
बताया गया कि बीते शुक्रवार से रविवार दोपहर तक हुई बारिश के बाद अंडरपास में पानी भर गया था। देखते ही देखते जलभराव इतना अधिक हो गया कि लोगों के लिए यहां से पैदल या दोपहिया वाहन लेकर निकलना भी मुश्किल हो गया। इसके बाद नगर पालिका की ओर से रास्ते को बंद कर दिया गया, ताकि कोई हादसा न हो।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अंडरपास में पानी भरने के बाद जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। आसपास का तालाब भी पानी से लबालब है, जिसके चलते अंडरपास का पानी बाहर निकलने में परेशानी हो रही है। तीन दिन गुजरने के बावजूद जलभराव बना रहने से लोगों में नाराजगी है।
ढाई किलोमीटर का अतिरिक्त सफर बना मजबूरी
सातनपुर मंडी और आसपास के मोहल्लों में आने-जाने वाले लोगों के लिए यह अंडरपास महत्वपूर्ण रास्ता है। रास्ता बंद होने के कारण स्थानीय लोगों को मंडी और अन्य स्थानों तक पहुंचने के लिए करीब ढाई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। इससे लोगों का समय और ईंधन दोनों खर्च हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और नगर पालिका से अंडरपास में जमा पानी की जल्द से जल्द निकासी कराने तथा भविष्य में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हर बारिश में यदि यही स्थिति बनती रही तो क्षेत्रवासियों को लगातार परेशानी उठानी पड़ेगी।

