अमृतपुर/ फर्रुखाबाद।
थाना अमृतपुर क्षेत्र के जटपुरा-करनपुर दत्त संपर्क मार्ग पर सड़क निर्माण को लेकर शनिवार को एक बार फिर प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। सड़क निर्माण के लिए पहुंचे पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों को ग्रामीणों के विरोध के चलते कार्य शुरू किए बिना ही रुकना पड़ा। काफी देर तक चली वार्ता के बाद भी सहमति नहीं बन सकी और मौके पर अधिकारियों तथा ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक हुई।
जानकारी के अनुसार, पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई अंकित कुमार राजस्व टीम और पुलिस बल के साथ सड़क निर्माण के लिए पहुंचे थे।उनके साथ कानूनगो लाल बहादुर, लेखपाल विमल कुमार, उपनिरीक्षक राहुल कुमार तथा सुरेश कुमार सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। जैसे ही सड़क निर्माण के लिए मिट्टी डालने और कार्य शुरू करने की तैयारी की गई, ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया, जिससे निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका।
इसके बाद जेई अंकित कुमार ने मामले की जानकारी विभाग के सहायक अभियंता (एई) राकेश कुमार को दी। सूचना मिलने पर एई राकेश कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ काफी देर तक वार्ता की।ग्रामीणों का कहना था कि वे अपने खेतों से न तो मिट्टी उठाने देंगे और न ही सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए अपनी जमीन देंगे।उनका कहना था कि सड़क निर्माण वही किया जाए, जितनी लंबाई और चौड़ाई सरकारी अभिलेखों में दर्ज है।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि यदि सड़क निर्माण नियमानुसार होगा तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनकी निजी भूमि या खेतों का उपयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। एई के द्वारा सड़क का निरीक्षण किया गया और वही बातचीत भी की गई।बातचीत के दौरान ही दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक तीखी नोकझोंक होती रही।हालांकि, समाचार लिखे जाने तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। मौके पर मौजूद पुलिस और राजस्व अधिकारियों ने स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया।
