कायमगंज, फर्रुखाबाद।
कायमगंज और आसपास के क्षेत्रों में रात मौसम ने अचानक ऐसा करवट बदली कि लोगों में दहशत फैल गई। रात करीब नौ बजे मोबाइल फोन पर तेज सायरन के साथ पहुंचे “इमरजेंसी अलर्ट” ने लोगों को चौंका दिया। अचानक बज उठे अलर्ट की आवाज सुनकर कई लोग घबरा गए। किसी ने मोबाइल बंद कर दिया तो कई लोगों ने फोन फ्लाइट मोड पर डाल दिए। कुछ देर तक लोगों को समझ ही नहीं आया कि आखिर यह अलर्ट किस बात का है।
अलर्ट जारी होने के तुरंत बाद आसमान में तेज बिजली चमकने लगी और गड़गड़ाहट के साथ बूंदाबांदी शुरू हो गई। ठंडी हवाओं के चलने से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली और तापमान गिरकर करीब 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हालांकि मौसम में आए इस बदलाव ने आम उत्पादक किसानों और बागवानों की चिंता बढ़ा दी है।
60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ घंटों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की आशंका है। ऐसे में क्षेत्र के आम के बागों को भारी नुकसान पहुंच सकता है। किसानों का कहना है कि यदि तेज हवाएं चलीं तो पेड़ों पर तैयार फसल टूटकर गिर सकती है, जिससे सीजन की मेहनत पर पानी फिर जाएगा।
बिजली विभाग हाई अलर्ट पर
संभावित आंधी-तूफान को देखते हुए बिजली विभाग भी पूरी तरह सतर्क हो गया है। विभागीय अधिकारियों ने सभी सब-स्टेशन ऑपरेटरों को निर्देश जारी किए हैं कि हवा की रफ्तार 25 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा पहुंचते ही एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाए। विभाग का कहना है कि ऐसा किसी बड़े हादसे और लाइन फाल्ट से बचाव के लिए किया जाएगा।
मेले में अफरा-तफरी, झूले बंद
नगर के रेलवे रोड पर चल रहे नुमाइश मेले में भी मौसम का असर साफ दिखाई दिया। रात के समय मेले में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, तभी अचानक तेज हवा और बिजली कड़कने लगी। मौसम बिगड़ते ही मेले में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और परिवार के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपनी दुकानों को तिरपाल से ढंक दिया, जबकि एहतियात के तौर पर झूलों का संचालन तुरंत बंद करा दिया गया।
तीन दिन तक खराब रहेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक क्षेत्र में अगले तीन दिनों तक मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर न जाने की अपील की है।
