फर्रुखाबाद/
जिले में अवैध खनन और उपखनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए व्यापक अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर पुलिस और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में देर रात तक औचक छापेमारी कर कई वाहनों और मशीनों को जब्त किया। कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मचा रहा।
अभियान के तहत थाना कादरी गेट, राजेपुर, कमालगंज तथा फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र की सरह चौकी के अंतर्गत सघन जांच और चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम ने बालू का अवैध परिवहन कर रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़ा, जिसके विरुद्ध ऑनलाइन नोटिस जारी किया गया। वहीं मिट्टी से भरी एक अन्य ट्रैक्टर-ट्रॉली को अवैध खनन और परिवहन के आरोप में सीज कर थाना राजेपुर की अभिरक्षा में भेज दिया गया।
पुलिस की गतिविधियों की सूचना पहुंचा रहा था कार चालक
ग्राम गांधी क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने देर रात छापेमारी की। मौके पर मिट्टी से लदा एक ट्रैक्टर दिखाई दिया, लेकिन चालक खेतों के रास्ते अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल के निकट एक संदिग्ध वैगनआर कार खड़ी मिली। पूछताछ और जांच में सामने आया कि कार चालक अवैध खनन में संलिप्त लोगों को पुलिस की गतिविधियों और लोकेशन की लगातार जानकारी दे रहा था। इससे खननकर्ता पहले ही सतर्क होकर कार्रवाई से बच निकलते थे। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और खनन माफियाओं की सहायता करने के आरोप में पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर उसकी कार और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। उसके खिलाफ थाना राजेपुर में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पहुंची तो भाग निकले खननकर्ता
एक अन्य कार्रवाई में सरह चौकी से लगभग दो किलोमीटर दूर क्षेत्र में रात के समय चार से पांच ट्रैक्टरों द्वारा अवैध खनन किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम के पहुंचते ही चालक अपने वाहन खेतों की ओर लेकर फरार हो गए। हालांकि भागदौड़ के दौरान खनन कार्य में प्रयुक्त एक रैपर मशीन खेत की तारबाड़ में फंस गई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर चौकी सरह की अभिरक्षा में जमा करा दिया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन और उपखनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
