अमृतपुर, फर्रुखाबाद।
थाना अमृतपुर क्षेत्र के ग्राम गुजरपुर पमारान निवासी एक महिला ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर पति हत्याकांड में न्याय दिलाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता धर्मशिला पत्नी ओमवीर का कहना है कि 20 जुलाई 2025 को उनके पति को रामू व उसके सहयोगियों द्वारा कथित रूप से गायब कर दिया गया था। सूचना के बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की, लेकिन बाद में उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप पर थाना अमृतपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं।
पीड़िता का आरोप है कि पुलिस की लापरवाही के चलते उसके पति की मौत का खुलासा करीब नौ माह बाद हो सका। साथ ही पकड़े गए एक आरोपी के खिलाफ जिले के कई थानों में मुकदमे दर्ज होने का भी दावा किया गया है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायती पत्र में धर्मशिला ने सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई, कथित आय से अधिक संपत्ति की जांच, फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने, पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता तथा एक सदस्य को सरकारी नौकरी दिए जाने की मांग की है। इसके अलावा मुख्यमंत्री से स्वयं फर्रुखाबाद पहुंचकर पीड़ित परिवार से मिलने की अपील भी की गई है।
