फर्रुखाबाद न्यूज़:- संदिग्ध परिस्थितियों में महिला को लगी गोली, गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद |

कोतवाली कायमगंज क्षेत्र के गांव पचरोली महादेवपुर में शुक्रवार को एक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कायमगंज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, फर्रुखाबाद रेफर कर दिया।

घायल भगवान देवी (40 वर्ष) पत्नी रणवीर ने अस्पताल में बताया कि उसका पति से अक्सर विवाद होता रहता है। शुक्रवार सुबह खेत में काम करने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। पति ने खेत पर काम करने से मना कर दिया, जिसके बाद वह अकेले खेत पहुंची और घास काटने लगी। महिला का कहना है कि इसी दौरान खेत में उसे एक देसी तमंचा पड़ा मिला। उत्सुकतावश जैसे ही उसने तमंचा उठाकर देखा, अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई, जो उसके दाहिने हाथ में कंधे के नीचे जा लगी।

गोली चलने की आवाज सुनकर पास के खेत में मक्का तोड़ रहे ग्रामीण इंद्रजीत मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि भगवान देवी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी हैं। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को तत्काल सीएचसी कायमगंज पहुंचाया, जहां से उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया।

बताया गया है कि घायल महिला चार पुत्रों और तीन पुत्रियों की मां है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

सबसे गंभीर बात यह है कि गोली लगने जैसी संवेदनशील मामले की जांच और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। वहीं महिला के अनुसार घटना से पहले पति से विवाद भी हुआ था, इसलिए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच आवश्यक मानी जा रही है।

प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ला ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है और पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

प्रमुख सवाल

खेत में देसी तमंचा आखिर आया कहां से?

क्या यह वास्तव में हादसा है या इसके पीछे कोई और वजह है?

गोली लगने के बाद अस्पताल में पुलिस समय पर क्यों नहीं पहुंची?

घायल महिला के बयान के आधार पर अब तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई?

फिलहाल पुलिस जांच की बात कह रही है, लेकिन घायल महिला के परिजन निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *