फर्रुखाबाद/
महंगाई के मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी ने सोमवार को फर्रुखाबाद में अनोखा प्रदर्शन किया। फतेहगढ़ चौराहे पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश सचिव (पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ) मोहम्मद युनुस अंसारी ने लोगों को 30 रुपये प्रति किलो की दर से चीनी बेचकर सरकार की नीतियों और महंगाई पर निशाना साधा। कार्यक्रम के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने लोगों के बीच पहुंचकर यह संदेश देने का प्रयास किया कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनता को 30 रुपये किलो की दर से चीनी उपलब्ध कराने का वादा किया जाएगा।
चीनी बिक्री कार्यक्रम के दौरान सपा नेता मोहम्मद युनुस अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी जो कहती है, उसे पूरा करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि पार्टी की कथनी और करनी में अंतर नहीं है। उन्होंने महंगाई को लेकर प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि आम आदमी लगातार बढ़ती कीमतों से परेशान है और उसे राहत की जरूरत है।
युनुस अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी सत्ता में आने पर अपने वादों को अक्षरशः पूरा करने का प्रयास करेगी। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों पर भी तंज कसते हुए कहा कि सपा जनता से किए गए वादों को पूरा करने में विश्वास रखती है, जबकि दूसरे दल चुनावी समय में तरह-तरह के वादे करते हैं। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री के एक पुराने राजनीतिक नारे का जिक्र करते हुए कहा कि जनता से पहले भी चीनी की कीमत को लेकर वादे किए गए हैं।
चौराहे पर लगा रहा लोगों का जमावड़ा
फतेहगढ़ चौराहे पर आयोजित इस कार्यक्रम को लेकर लोगों में भी उत्सुकता दिखाई दी। 30 रुपये किलो चीनी मिलने की जानकारी पर कई लोग मौके पर पहुंचे। सपा कार्यकर्ताओं ने चीनी वितरण की व्यवस्था संभाली और लोगों को पार्टी की नीतियों तथा महंगाई के मुद्दे पर जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान राजा खान, जाहिद उर्फ जुम्मन, ताज साजिद, साहिब अमन, असलम, दीपक कुमार, सुरेंद्र, हनीफ भाई, हाजी अलादीन, सय्यद अजहर, तलत भाई, शाहनवाज भाई और साबिर भाई समेत कई लोग मौजूद रहे।
चीनी वितरण की पूरी व्यवस्था मोहम्मद यूसुफ अंसारी ने संभाली। कार्यक्रम के जरिए सपा ने महंगाई को लेकर जनता के बीच अपनी राजनीतिक बात रखने के साथ आगामी चुनावी माहौल में पार्टी की सक्रियता का भी संदेश देने का प्रयास किया।

