शमशाबाद/फर्रुखाबाद |
थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं के खुलासे में बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए इन्वर्टर, बैटरियां तथा ₹8,000 नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुबोध यादव पुत्र रामनिवास तथा दीवान पुत्र निवास सिंह निवासी ग्राम उलियापुर बलीपुर भगवंत के रूप में हुई है। इनके विरुद्ध शमशाबाद थाना क्षेत्र में भैंस चोरी, बैटरी चोरी, इन्वर्टर चोरी तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मुकदमा अपराध संख्या 90/26 धारा 303(2) बीएनएस (भैंस चोरी), मुकदमा अपराध संख्या 114/26 धारा 303(2) बीएनएस, मुकदमा अपराध संख्या 126/26 धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस, मुकदमा अपराध संख्या 128/26 धारा 303(2) बीएनएस तथा मुकदमा अपराध संख्या 207/26 धारा 305 बीएनएस शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने बताया कि वे चोरी का सामान बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उन्होंने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में अपराध न करने की बात कही।
बरामद सामान
02 ल्यूमिनस कंपनी के इन्वर्टर
01 टिकफास्ट कंपनी की बैटरी
01 माइक्रोटेक कंपनी की बैटरी
01 एक्साइड कंपनी की बैटरी
₹8,000 नकद
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सुधेश यादव के विरुद्ध चोरी, घर में घुसपैठ, मारपीट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा वन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कई पुराने मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दीवान के खिलाफ भी चोरी के कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।
इस कार्रवाई को एसएसआई सचिन सिंह चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार, कांस्टेबल अनुज कुमार, विजय कुमार, नितिन कुमार, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार, हेड कांस्टेबल बृजेश तथा हेड कांस्टेबल श्रीकृष्ण शामिल रहे।
शमशाबाद पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है तथा अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
