मोहम्मदाबाद/ फर्रुखाबाद |
खिमसेपुर के शिवाजी नगर वार्ड में रविवार को उस समय कोहराम मच गया, जब खेत पर रहकर खेती करने वाले 42 वर्षीय रमेश चंद्र संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिले। परिजन उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि गर्दन पर किसी जहरीले कीड़े के काटने से उनकी हालत बिगड़ी और मौत हो गई। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

जानकारी के अनुसार शिवाजी नगर वार्ड निवासी रमेश चंद्र गांव के ही शेर बहादुर का खेत बटाई पर लेकर खेती करते थे। खेती की देखभाल के लिए वह अक्सर खेत में बने ट्यूबवेल पर ही रहते थे। बताया गया कि रविवार सुबह किसी समय उनकी गर्दन पर जहरीले कीड़े ने काट लिया। इसके बाद उनकी हालत बिगड़ गई और वह ट्यूबवेल के अंदर तख्त पर बेहोश होकर गिर पड़े।
सुबह करीब नौ बजे रमेश चंद्र के भाई का बेटा हर्ष उन्हें खाना देने के लिए ट्यूबवेल पर पहुंचा। वहां रमेश को बेहोश पड़ा देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल परिजनों को सूचना दी। आनन-फानन में परिजन उन्हें लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहम्मदाबाद पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रमेश चंद्र को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
रमेश चंद्र तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनकी पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था। उनके परिवार में एक पुत्री है, जिसकी शादी हो चुकी है। अचानक हुई मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस की कार्रवाई और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। घटना के बाद गांव में भी शोक की लहर है और लोग रमेश चंद्र की असमय मौत से स्तब्ध हैं।

