स्वास्थ्य कर्मियों का धरना जारी, ठोस निर्णय न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

By
Web Desk
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप...
3 Min Read

स्वास्थ्य कर्मियों का धरना जारी, ठोस निर्णय न होने पर भूख हड़ताल की चेतावनी

मैनपुरी (अजय किशोर) राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत संविदा अधिकारी और कर्मचारियों का लंबित मांगों को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में चल रहा शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन बुधवार को भी जारी रहा। उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघर्ष समिति के प्रांतीय आह्वान पर एकजुट हुए स्वास्थ्य कर्मियों ने शासन-प्रशासन के प्रति अपना कड़ा आक्रोश जताया। कर्मचारियों ने दो टूक कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा और जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती, यह आंदोलन अनिश्चितकालीन रूप से जारी रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर भूख हड़ताल जैसा कठोर कदम भी उठाया जाएगा।

संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों के अनुसार, राज्य स्तर पर शासन की ओर से वार्ता के लिए अभी तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे कर्मचारियों में निराशा और गुस्सा बढ़ता जा रहा है। प्रदेश भर की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती देने वाले संविदा कार्मिक वर्षों से अपनी जायज मांगों को लेकर आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि वे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हैं, ऐसे में उनके भविष्य और परिवार की सुरक्षा की अनदेखी करना पूरी तरह से अन्यायपूर्ण है।

आंदोलन के दौरान कर्मचारियों ने अपनी छह सूत्रीय प्रमुख मांगों को दोहराया, जिनमें नियमितीकरण व स्थायीकरण, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, मृतक आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति, सम्मानजनक वेतन, महंगाई भत्ता और मकान किराया भत्ता शामिल हैं। उनका तर्क है कि लंबे समय से सेवा देने के बावजूद उन्हें स्थायी कर्मचारियों के समान सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा नहीं मिल पा रही है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि ‘नियमितीकरण हमारा अधिकार, सम्मानजनक वेतन हमारी मांग और सामाजिक सुरक्षा हमारा भविष्य है’, जिसे हासिल करने के लिए वे हर स्तर पर संघर्ष करने को तैयार हैं।

धरना स्थल पर मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखना उनका लोकतांत्रिक अधिकार है और उनका उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि न्यायपूर्ण समाधान प्राप्त करना है। समिति ने शासन से शीघ्र सार्थक वार्ता शुरू कर स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत करने की अपील की। इस प्रदर्शन में संगठन के संरक्षक डॉ. एस. पी. सिंह, अम्बरीष यादव, जिलाध्यक्ष सुनील शर्मा, जॉइंट सेक्रेटरी अभय सिंह, कोर्डिनेटर डॉ. एल. आर. सिंह, धर्मेंद्र सिंह, प्रवक्ता डॉ. देवेश राजपूत, सह मीडिया प्रभारी मनीष कुमार, भावना राजपूत, राधा दिवाकर, सीमा रानी शाक्या, आशु यादव, बिंदु कुशवाह, सौरभ चौहान, विकास चौहान, धर्मवीर सिंह, वाई. पी. सिंह और क्षितिज वर्मा प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
TAGGED:
Share This Article
Web Desk हमारी संपादकीय टीम का आधिकारिक प्रोफ़ाइल है, जो विभिन्न स्रोतों से प्राप्त समाचारों का सत्यापन कर उन्हें पाठकों तक सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय रूप में पहुंचाने का कार्य करती है। हमारा उद्देश्य ताज़ा और महत्वपूर्ण खबरों को समय पर प्रकाशित कर पाठकों को जागरूक एवं सूचित रखना है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *