मेडिकल कॉलेज एटा में 325 मरीजों का हुआ नेत्र परीक्षण, 50 को मिले निःशुल्क चश्मे
जनरल फोर्स ब्यूरो
एटा। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वीरांगना अवंतीबाई लोधी ऑटोनोमस स्टेट मेडिकल कॉलेज, एटा में गुरुवार को नेत्र रोग विभाग की ओर से नेत्र परीक्षण एवं चश्मा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने फीता काटकर किया। इस दौरान 325 मरीजों का नेत्र परीक्षण किया गया, जबकि 50 जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह ने कहा कि नेत्र स्वास्थ्य स्वस्थ जीवन का महत्वपूर्ण आधार है। समय पर नेत्र परीक्षण कराने से दृष्टि संबंधी समस्याओं की पहचान कर उनका उचित उपचार किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से आंखों की जांच कराने तथा नेत्रदान एवं कॉर्निया दान के प्रति जागरूक होकर इस पुनीत कार्य में भागीदारी करने की अपील की।
शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एटा डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने उपस्थित लोगों को अंगदान की शपथ दिलाई। उन्होंने नेत्रदान एवं कॉर्निया दान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इसके प्रति जागरूकता बढ़ाकर दृष्टिबाधित लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने लोगों से स्वयं जागरूक होने के साथ ही दूसरों को भी नेत्रदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन प्रधानाचार्य डॉ. बलवीर सिंह के मार्गदर्शन में नेत्र रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अंजू सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश चंद्रा, उप मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मोनू यादव, डॉ. शिवम यादव, सहायक आचार्य डॉ. सत्यवीर शर्मा, डॉ. अनिल बघेल सहित नेत्र रोग विभाग के सीनियर एवं जूनियर रेजिडेंट तथा कर्मचारी मौजूद रहे।
