मैनपुरी में सजा ‘दीवाली एवं करवा चौथ उत्सव मेला’, उमड़ी खरीदारों की भीड़
मैनपुरी (अजय किशोर) करहल चौराहा बाई-पास रोड स्थित ओम पैलेस मैरिज हॉल में उत्सव ग्रुप द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘दीवाली एवं करवा चौथ उत्सव मेला’ (सीजन-07) का भव्य शुभारंभ हुआ। भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत और नगर पालिका चेयरमैन संगीता गुप्ता ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर इस प्रदर्शनी का उद्घाटन किया, जहाँ पहले दिन से ही महिलाओं और परिवारों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है।
मेले में सजे 45 से अधिक स्टॉलों पर डिजाइनर साड़ियों, सूट, ज्वेलरी, गिफ्ट आइटम्स, स्किन केयर, परफ्यूम और स्वादिष्ट व्यंजनों के फूड काउंटर सजे हैं। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण जिला कारागार की महिला बंदियों द्वारा बनाए गए हस्तनिर्मित दीपक, क्रोशिया की पोशाकें और मैनपुरी का पारंपरिक तारकशी हस्तशिल्प रहा, साथ ही बच्चों के लिए लाइव आर्ट-क्राफ्ट व गेम्स काउंटर भी विशेष केंद्र बने हुए हैं।
आयोजक सुधा तापड़िया और दिव्या मूंदड़ा ने बताया कि 15 और 16 अक्टूबर को सुबह 11.00 बजे से रात 9.00 बजे तक चलने वाले इस मेले के दूसरे दिन एक विशेष लकी ड्रॉ निकाला जाएगा, जिसमें आगरा होटल स्टे सहित कई आकर्षक उपहार दिए जाएंगे। उद्घाटन के इस अवसर पर प्रदीप माहेश्वरी, लक्ष्मीनारायण तापड़िया, गोपाल तापड़िया, मनीष तापड़िया और रामप्रकाश जाजू सहित शहर के तमाम गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
