महोबा गैंगरेप पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा; फर्रुखाबाद में प्रदर्शन कर राज्यपाल को भेजा ज्ञापन |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर सोमवार को फर्रुखाबाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष शकुंतला देवी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां उन्होंने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महोबा की एक दलित छात्रा का अप्रैल माह में कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया था। आरोप है कि छात्रा को 16 दिनों तक प्रयागराज में बंधक बनाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इस दौरान उसे अमानवीय यातनाएं दी गईं और जबरन शादी का दबाव बनाया गया।

कांग्रेस नेताओं ने घटना को प्रदेश की कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं। पार्टी ने सभी आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी, उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई, पीड़िता के परिवार को सुरक्षा तथा आर्थिक सहायता देने की मांग की।

जिला अध्यक्ष शकुंतला देवी ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं समाज को झकझोर देने वाली हैं।

प्रदेश सचिव अर्चना राठौर ने कहा कि दरिंदगी करने वालों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त से सख्त सजा दी जानी चाहिए। वहीं पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा ने प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं।

इस दौरान कांग्रेस शहर अध्यक्ष एडवोकेट अंकुर मिश्रा ने कहा कि नीट की छात्रा के साथ हुई यह घटना बेहद शर्मनाक है और कांग्रेस पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करती रहेगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रदेश सचिव अर्चना राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष मृत्युंजय शर्मा, सब्बू खान, लक्ष्मण शाह, विनोद यादव, आसिफ, मनोज कुमार राजपूत, वरुण त्रिपाठी, फिरोज आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *