फर्रुखाबाद |
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर की अध्यक्षता में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी का जयंती समारोह का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार फतेहगढ़ में किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर द्वारा कलेक्ट्रेट के अन्य प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में प्रातः 09 बजे कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रीय ध्वज का रोहण तथा राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान के साथ प्रतिज्ञा का वाचन किया गया, तत्पश्चात कलेक्ट्रेट सभागार में जयंती समारोह आयोजित किया गया।
समारोह में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कि छात्रों द्वारा रामधुन रघुपति राघव, राजा राम का गायन किया गया, इसके पश्चात विद्यालय की छात्राओं एवं कलेक्ट्रेट के अधिकारियों तथा कर्मचारियों ने महात्मा गांधी जी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जीवन संघर्ष, उनकी देश सेवा, उनके जीवन मूल्य पर प्रकाश डालते हुए, विशेष रूप से निर्बलों एवं कमजोरों के कल्याण संबंधी “अंत्योदय” की उनकी अवधारणा, भावनात्मक एकता, राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता के संबंध में उनके विचारों का संक्षेप रूप में परिचय दिया गया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर ने कहा कि हमारे देश में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी, दोनों का जीवन सरलता एवं सादगीपूर्ण रहा है और दोनों महानुभावों ने ही अपने संदेश समाज को अत्यधिक सरलता एवं सादगी के साथ प्रस्तुत किए हैं, जिसमें सत्याग्रह एक प्रमुख उदाहरण है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में पिछले कुछ वर्षों से स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सरकार का यह विशेष प्रयास है, कि सार्वजनिक स्थलों पर एवं घरों के आसपास साफ एवं स्वच्छ परिवेश रहे। महात्मा गांधी जी के विजन के अनुरूप स्वच्छता, स्वच्छ भारत, स्वच्छ समाज एवं स्वच्छ घर से परिभाषित है, जिसकी पूर्ति सरकार के नेतृत्व में हमारे द्वारा किए जाने का कार्य किया जा रहा है। इस भावना को सफल बनाने की शुरुआत हमें सर्वप्रथम अपने घरों एवं आसपास के परिवेश को स्वच्छ एवं साफ रखकर करनी होगी और इस शुरुआत की पहल तब होगी, जब हम अपने घर के बाहर कचरा फेंकना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करेंगे, क्योंकि जब हम कचरा फेकेंगे ही नहीं तो कचरा फैलेगा भी नहीं। वर्तमान समय में सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं महात्मा गांधी जी के विजन का ही एक रूप है। प्रतिवर्ष महापुरुषों की जयंती का आयोजन हमें हमारी जिम्मेदारियां एवं कर्तव्यों का बोध कराने के लिए आयोजित किया जाता है जिससे हम उनके द्वारा दी गई शिक्षाओं व विचारों का अनुसरण कर अपने समाज और देश को प्रगति पथ पर आगे ले जा सकें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायक दिनेश कुमार द्विवेदी ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि आज हम सभी महात्मा गांधी जी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के स्मरण हेतु यहां पर एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। हम सभी अपने देश के प्रति अपनी निष्ठा यथावत रखते हुए सदैव विकास के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा में समर्पित होकर अपने दायित्वों की पूर्ति करें।
कार्यक्रम में नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार ने अपने विचार साझा करते हुए कहा कि महात्मा गांधी जी के विचार एवं उनकी शिक्षा आज भी हमारे बीच प्रदर्शित होती है। नगर मजिस्ट्रेट ने भारत के संविधान में यहां के लोगों को प्रदान की गई स्वतंत्रता के सापेक्ष विदेशों में निवासरत लोगों की स्वतंत्रता का अंतर बताते हुए भारत के लोगों को दोनों महापुरुषों के विचार एवं शिक्षाओं का अनुसरण करने हेतु जनपदवासियों को प्रेरित किया।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर दीपक माथुर ने कहा कि ने कहा कि हम सभी को गांधीजी एवं लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों एवं शिक्षाओं का अनुसरण कर अपने समाज और देश को और अधिक गति के साथ प्रगति पथ पर आगे ले जाने में सहयोग करना चाहिए।
जयंती समारोह में उप जिलाधिकारी अजय पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी के विचार एवं दर्शन हमारी अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि हमारे देश के संविधान के मूल्य में गांधीवाद की धारणा को पिरोया गया है। महात्मा गांधी जी की शिक्षाओं को लेकर हमारे देश के विचारकों एवं कवियों ने अपने-अपने सकारात्मक विचार प्रस्तुत किए हैं। महात्मा गांधी जी ने अपने विचारों से तत्कालीन अंग्रेजी शासन के विरुद्ध आवाज उठाई और भारत की आवाम को जागरुक कर हम सभी को आजादी दिलाई है।
कार्यक्रम में पूर्व प्रशासनिक अधिकारी कलेक्ट्रेट वीरेंद्र कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी जी ने सदैव आम जनमानस को सत्य एवं अहिंसा का पाठ पढ़ाया, इसके साथ ही लाल बहादुर शास्त्री जी ने हमारे देश को जय जवान-जय किसान का नारा दिया, इन दोनों महापुरुषों के द्वारा हमें यह सीख दी गई है कि हम जनहित की भावना का अनुसरण कर राष्ट्रहित में सदैव सहयोगी बने।
कार्यक्रम के दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिनेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पारुल तरार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

