कमालगंज/फर्रुखाबाद |
थाना क्षेत्र के अखमेलपुर गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक का शव गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। शव कई दिन पुराना होने के कारण क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही खुदागंज चौकी पुलिस, थाना प्रभारी रामसहाय सिंह और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस फिलहाल मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हरदोई जिले के अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर निवासी राजू पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। बताया गया कि राजू 29 जून को अपनी बहन गुड्डी के घर अखमेलपुर आया था। अगले दिन सुबह वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा। परिजनों ने काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।
मृतक के बहनोई राजेश ने बताया कि जब उन्होंने राजू के मोबाइल पर संपर्क किया तो उसने बताया कि वह कानपुर चला गया है। इसके बाद उसका मोबाइल फोन बंद हो गया और उससे दोबारा संपर्क नहीं हो सका। काफी खोजबीन के बाद परिजनों ने खुदागंज चौकी पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
शुक्रवार सुबह गांव का एक व्यक्ति खेतों की ओर गया तो उसकी नजर पेड़ से लटके एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव की हालत और हुलिए के आधार पर पुलिस को आशंका हुई कि यह वही लापता युवक हो सकता है। इसके बाद बहनोई को बुलाकर पहचान कराई गई, जिसने शव की पहचान राजू के रूप में की।
परिजनों ने बताया कि राजू दिल्ली में रहकर कुल्फी बेचने का काम करता था। वह तीन भाइयों में एक था और उसकी शादी की बातचीत चल रही थी। कुछ ही दिनों में लड़की पक्ष उसे देखने आने वाला था। परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, लेकिन अचानक हुई इस घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया। घर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी रामसहाय सिंह ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
