फर्रुखाबाद न्यूज़:- GST का छापा: कायमगंज की तंबाकू मंडी में SIB का धावा, 83 हजार किलो तंबाकू जब्त, दो गोदाम सील |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

तंबाकू मंडी में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब राज्य कर विभाग (जीएसटी) की विशेष अनुसंधान शाखा (एसआईबी) इटावा और फर्रुखाबाद की संयुक्त टीम ने दो प्रमुख तंबाकू कारोबारियों के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी कर दी। कार्रवाई के दौरान दोनों फर्मों के गोदामों में रिकॉर्ड से बाहर रखा गया करीब 83 हजार किलोग्राम तंबाकू बरामद हुआ, जिसे तत्काल जब्त करते हुए दोनों गोदामों को सील कर दिया गया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे तंबाकू व्यापार जगत में अफरा-तफरी मच गई। छापेमारी की सूचना मिलते ही कई व्यापारियों ने अपनी दुकानें और गोदाम आनन-फानन में बंद कर दिए। पूरे दिन मंडी क्षेत्र में जीएसटी टीम की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।

जानकारी के अनुसार, जॉइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा के नेतृत्व में एसआईबी इटावा और फर्रुखाबाद की संयुक्त टीम ने नगर से सटे कुबेरपुर स्थित “अक्सा एंड ब्रदर्स” तथा अताईपुर स्थित “लीफ क्राफ्ट एंटरप्राइजेज” पर एक साथ दबिश दी। टीम के गोदामों में पहुंचते ही मुख्य प्रवेश द्वार बंद करा दिए गए ताकि कोई भी माल बाहर न भेजा जा सके। इसके बाद अधिकारियों ने स्टॉक का भौतिक सत्यापन शुरू किया और उपलब्ध माल का अभिलेखों से मिलान किया।

जांच के दौरान अक्सा एंड ब्रदर्स के गोदाम में रिकॉर्ड से अलग 38 हजार किलोग्राम तथा लीफ क्राफ्ट एंटरप्राइजेज में 45 हजार किलोग्राम अतिरिक्त तंबाकू मिला। कुल 83 हजार किलोग्राम बिना अभिलेख का तंबाकू पाए जाने पर टीम ने उसे मौके पर ही जब्त कर गोदामों को सील कर दिया।

जॉइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों फर्मों के स्टॉक और अभिलेखों में भारी अंतर मिला है। फिलहाल खरीद-बिक्री के दस्तावेजों और अन्य अभिलेखों की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जीएसटी अधिनियम के तहत नियमानुसार भारी जुर्माना और अन्य विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त छापेमारी अभियान में जॉइंट कमिश्नर संतोष कुमार वर्मा, डिप्टी कमिश्नर शैलेंद्र कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर दीपा सागर, असिस्टेंट कमिश्नर जितेंद्र कुमार, राज्य कर अधिकारी अशोक सिंह, अरुण खरें तथा फर्रुखाबाद इकाई से असिस्टेंट कमिश्नर अमित त्यागी और राज्य कर अधिकारी विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे।

जीएसटी विभाग की इस बड़ी कार्रवाई के बाद कायमगंज की तंबाकू मंडी में हड़कंप का माहौल है। व्यापारी अब अपने स्टॉक और दस्तावेजों को दुरुस्त करने में जुट गए हैं, जबकि विभाग की आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *