कांवड़ यात्रा को लेकर अमरोहा पहुंचे एडीजी:30 जुलाई से शुरू हो रही यात्रा, बोले- सुरक्षा से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं होगा
जनरल फोर्स ब्यूरो/अमरोहा
अमरोहा|अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बरेली जोन रमित शर्मा ने 30 जुलाई से शुरू हो रही सावन माह की कांवड़ यात्रा की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अमरोहा में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) मुरादाबाद परिक्षेत्र और अमरोहा एसपी सहित जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
शनिवार शाम चार बजे एसपी ऑफिस में हुई इस बैठक में एडीजी शर्मा ने स्पष्ट किया कि शिव भक्तों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी रखने और माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी।
बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की सक्रियता, श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, अफवाहों पर प्रभावी नियंत्रण और सोशल मीडिया की सतत निगरानी जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे कांवड़ यात्रा के दौरान सतर्क और संवेदनशील रहें। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, प्रत्येक गतिविधि पर प्रभावी निगरानी रखने और किसी भी आकस्मिक स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने के निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य कांवड़ यात्रा को सकुशल और निर्विघ्न संपन्न कराना है।
