कांवड़ यात्रा को लेकर फर्रुखाबाद–शाहजहांपुर पुलिस अलर्ट: अंतरजनपदीय बैठक में सुरक्षा, ट्रैफिक और समन्वय की बनी रणनीति |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद/

आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से अंतरजनपदीय समन्वय बैठक आयोजित की। बैठक में दोनों जनपदों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने सीमा क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, कांवड़ मार्गों पर यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों पर विस्तार से मंथन किया।

बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, दुर्घटना अथवा कानून-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए दोनों जिलों की पुलिस आपसी तालमेल के साथ कार्य करेगी। विशेष रूप से सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त निगरानी और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने पर सहमति बनी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि फर्रुखाबाद और शाहजहांपुर को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण ढाई घाट पुल पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान इस मार्ग पर श्रद्धालुओं की आवाजाही अधिक रहने की संभावना को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुल और उसके आसपास लगातार गश्त कराई जाएगी तथा संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखी जाएगी।

यात्रा के दौरान भारी भीड़ को देखते हुए सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई। आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने, प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मियों की तैनाती बढ़ाने तथा जाम की स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस हर स्तर पर सक्रिय रहेगी।

बैठक में कांवड़ मार्ग पर पड़ने वाले संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी, नियमित पेट्रोलिंग, असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। दोनों जनपदों के अधिकारियों ने कहा कि किसी भी सूचना पर तत्काल संयुक्त कार्रवाई की जाएगी ताकि यात्रा के दौरान शांति एवं सौहार्द का वातावरण बना रहे।

बैठक में जनपद फर्रुखाबाद की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार, क्षेत्राधिकारी कायमगंज राजेश द्विवेदी तथा थाना प्रभारी शमसाबाद सचिन चौधरी उपस्थित रहे। वहीं शाहजहांपुर की ओर से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भंवरे, क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ज्योति यादव तथा थाना प्रभारी मिर्जापुर ने प्रतिभाग किया।

पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी यातायात संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा और कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाएगा।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *