फर्रुखाबाद के विकास को लगेंगे पंख: नवयुग पालिका योजना में शामिल होने से चमकेगा शहर |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
4 Min Read

फर्रुखाबाद।

जनपद मुख्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद का चयन उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी नवयुग पालिका योजना में किया गया है। इस योजना के माध्यम से शहर में डिजिटल सुविधाओं का विस्तार, आधुनिक नगरीय विकास, सौंदर्यीकरण तथा नवाचार आधारित परियोजनाओं को नई दिशा मिलेगी।

बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद के अध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने शासन की मंशा के अनुरूप योजना को धरातल पर उतारने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि नगर विकास विभाग द्वारा संचालित नवयुग पालिका योजना का मुख्य उद्देश्य नगरीय निकायों में ऑनलाइन नागरिक सेवाओं को बढ़ावा देना, डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत बनाना, नगरों के स्वरूप को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाना तथा आधुनिक तकनीकों और नवाचारों के माध्यम से शहरी विकास को गति देना है।

अधिकारियों ने बताया कि योजना के प्रथम चरण में प्रदेश के 58 नगरीय निकायों का चयन किया गया है, जिनमें नगर पालिका परिषद फर्रुखाबाद भी शामिल है। यह चयन जिले के लिए गौरव का विषय माना जा रहा है क्योंकि इससे शहर के बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार की संभावनाएं बढ़ गई हैं।

बैठक में योजना की वित्तीय व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जानकारी दी गई कि यह योजना वित्तीय वर्ष 2025-26 से प्रारंभ होकर आगामी पांच वर्षों तक संचालित की जाएगी। चयनित निकायों को उनकी जनसंख्या के आधार पर दो श्रेणियों में विभाजित किया गया है। पहली श्रेणी में डेढ़ लाख से अधिक आबादी वाले नगर पालिका परिषद शामिल हैं, जबकि दूसरी श्रेणी में डेढ़ लाख से कम आबादी वाले नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों को रखा गया है।

योजना के तहत श्रेणी-1 के निकायों को प्रतिवर्ष अधिकतम 12 करोड़ रुपये तथा श्रेणी-2 के निकायों को अधिकतम 8 करोड़ रुपये तक का बजट उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा विशेष परिस्थितियों, स्थानीय आवश्यकताओं, राजस्व वृद्धि, नवाचार आधारित परियोजनाओं तथा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय महत्व की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त बजट उपलब्ध कराने का भी प्रावधान रखा गया है।

बैठक में यह भी बताया गया कि बेहतर कार्य करने वाले निकायों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। संपत्ति कर अभिलेखों के डिजिटलीकरण, कर दाताओं की संख्या बढ़ाने तथा राजस्व वसूली में उल्लेखनीय वृद्धि करने वाले निकायों को अतिरिक्त बजट मिलेगा। प्रत्येक श्रेणी में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले शीर्ष तीन नगरीय निकायों को प्रतिवर्ष विशेष प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने कहा कि योजना का लाभ आम नागरिकों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि संभावित परियोजनाओं, राजस्व संवर्धन उपायों तथा नवाचार आधारित विकास कार्यों का प्रस्ताव समयबद्ध ढंग से तैयार कर शासन को भेजा जाए ताकि फर्रुखाबाद को योजना का अधिकतम लाभ मिल सके।

विशेषज्ञों का मानना है कि नवयुग पालिका योजना के लागू होने से फर्रुखाबाद में डिजिटल सेवाओं का विस्तार होगा, नगर की साफ-सफाई, सौंदर्यीकरण, आधारभूत सुविधाओं और स्मार्ट सिटी जैसी व्यवस्थाओं को मजबूती मिलेगी। इससे शहर के समग्र विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *