कायमगंज/फर्रुखाबाद |
ज्येष्ठ माह के चतुर्थ मंगलवार के पावन अवसर पर नगर स्थित प्रसिद्ध श्री कोतवालेश्वर हनुमान जी मंदिर परिसर में भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप को देखते हुए शरबत वितरण सेवा का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और सेवा भावना से ओतप्रोत इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, राहगीरों और भक्तजनों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कायमगंज कोतवाल विनोद कुमार शुक्ला ने किया। वहीं आयोजनकर्ता मनीष अरोड़ा और संकल्प अरोड़ा ने कन्याओं को शरबत वितरित कर सेवा कार्यक्रम की शुरुआत की। आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में भक्तिमय माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने हनुमान जी महाराज के जयकारों के साथ प्रसाद एवं शरबत ग्रहण किया।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष जितेंद्र रस्तोगी, मंदिर प्रबंधक एवं पुजारी संगम शाक्य, वरिष्ठ उपाध्यक्ष कन्हैया लाल, उपाध्यक्ष सदस्य कमलेश भारद्वाज, कोषाध्यक्ष अशोक गंगवार, गुरुदेव, मोहित, दीपक शाक्य, मनोज कौशल, बबलू वर्मा (राजकुमार), अंकुर, अंश श्रीवास्तव, अर्पित, दिव्यांश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
भीषण गर्मी के बीच ठंडा शरबत पाकर राहगीरों और श्रद्धालुओं ने राहत महसूस की तथा मंदिर समिति और आयोजकों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। श्रद्धालुओं ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में मानवता और धर्म दोनों का संदेश देते हैं। मंदिर परिसर देर तक भक्तों की आवाजाही और जयकारों से गूंजता रहा।
