लिंक एक्सप्रेस-वे कार्य में लापरवाही पर डीएम सख्त, दो लेखपाल निलंबित भूमि अधिग्रहण कार्यों की समीक्षा में मिलीं खामियां,

2 Min Read

फर्रुखाबाद/

प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी लिंक एक्सप्रेस-वे परियोजना में भूमि अधिग्रहण कार्यों में लापरवाही सामने आने पर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने सख्त कार्रवाई की है। आयोजित समीक्षा बैठक में कार्यों की धीमी प्रगति और राजस्व कर्मियों की उदासीनता पाए जाने पर दो लेखपालों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए भूमि क्रय एवं अर्जन कार्यों की प्रगति की गहन समीक्षा की। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उपजिलाधिकारी सदर, तहसीलदार सदर समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक के दौरान विभिन्न गांवों में भूमि खरीद, अभिलेखों के सत्यापन और अधिग्रहण प्रक्रिया की बिंदुवार समीक्षा की गई। जांच में यह सामने आया कि कुछ राजस्व कर्मचारियों द्वारा कार्यों में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई जा रही थी, जिससे परियोजना की प्रगति प्रभावित हो रही थी।

इस पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने नीवकरौरी क्षेत्र के लेखपाल प्रवीण दुबे तथा मदनपुर क्षेत्र के लेखपाल महेश्वर सिंह को कार्य में घोर लापरवाही और शिथिलता बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के निर्देश दिए।

डीएम डॉ. अंकुर लाठर ने स्पष्ट कहा कि लिंक एक्सप्रेस-वे सरकार की शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजना है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने किसानों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर भूमि संबंधी विवादों और प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा कर निर्धारित लक्ष्य समय से पूरा करने के लिए भी कहा।

जिलाधिकारी की इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मचा हुआ है और अन्य कर्मचारियों को भी कार्य में लापरवाही न बरतने की चेतावनी मिल गई है।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *