आशा भोंसले को समर्पित सुरमई शाम में आराध्या और प्रांजल ने मारी बाजी
रिपोर्ट सुधीर सिंह।
कायमगंज/फर्रुखाबाद |

स्थानीय सीपी विद्या निकेतन (अंग्रेजी माध्यम) इंटर कॉलेज में आज सुरों और कला का अद्भुत संगम देखने को मिला। विद्यालय परिसर में अत्यंत उत्साह और रचनात्मकता के साथ आवाज़- ए- सीपीवीएन Voice of CPVN गायन प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। महान गायिका आशा भोंसले को समर्पित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्रों की छिपी हुई प्रतिभा को निखारना और उन्हें कला के क्षेत्र में मंच प्रदान करना था।
भव्य शुभारंभ और अतिथियों का स्वागत
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मुख्य अतिथि जय गंगवार (अध्यक्ष, चीनी मिल कायमगंज), विशिष्ट अतिथि सत्य प्रकाश अग्रवाल (प्रबंधक), डॉ. मिथिलेश अग्रवाल (निदेशिका), आर.के. बाजपेई (प्रधानाचार्य), योगेश तिवारी एवं उप-प्रधानाचार्य दीपक कुमार जेना द्वारा माँ सरस्वती के सम्मुख दीप प्रज्वलन कर किया गया। प्रधानाचार्य आर.के. बाजपेई ने अतिथियों का परिचय कराते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
छात्रों की सुरीली प्रस्तुतियों ने बांधा समां
प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने ‘एक दिन बिक जाएगा’, ‘इतना ना मुझसे तू प्यार बढ़ा’, ‘मेरे ख्वाबों में जो आए’, ‘अजीब दास्तां है ये’ और ‘झुमका गिरा रे’ जैसे कालजयी गीतों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। सुगम संगीत के माध्यम से छात्रों ने अपनी गायन शैली का लोहा मनवाया।
परिणाम और सम्मान
संगीत विशेषज्ञ अंजू पांडे, दयानंद शर्मा और नेहा रस्तोगी के निर्णायक मंडल ने सुर, ताल और प्रस्तुति के आधार पर विजेताओं का चयन किया:
जूनियर वर्ग:
विजेता: आराध्या गुप्ता
फर्स्ट रनर-अप: आस्था सिंह
सेकेंड रनर-अप: मानवी शर्मा
सीनियर वर्ग में
विजेता: प्रांजल शर्मा
फर्स्ट रनर-अप: तेजस गुप्ता
सेकेंड रनर-अप: चाहत सक्सेना
कार्यक्रम के दौरान निदेशिका डॉ. मिथिलेश अग्रवाल और प्रबंधक सत्य प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबों तक सीमित ज्ञान देना नहीं, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है। ऐसी प्रतियोगिताएं छात्रों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उनकी प्रतिभा को निखारती हैं।
मुख्य अतिथि जय गंगवार ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं उप प्रधानाचार्य दीपक कुमार जैन ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और छात्रों को आगे भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन हरीश कुमार पचौरी और ज्योत्स्ना सिंह ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, शिक्षिकाएं और कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
