प्राथमिक विद्यालय बर्ना बुजुर्ग में डीएम का औचक निरीक्षण, विद्यालय स्टाफ में मचा हड़कंप |

2 Min Read

कमालगंज/फर्रुखाबाद/

जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने मंगलवार को विकासखंड कमालगंज के प्राथमिक विद्यालय बर्ना बुजुर्ग में औचक निरीक्षण कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। डीएम के अचानक पहुंचने से विद्यालय स्टाफ में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान डीएम सीधे कक्षाओं में पहुंचे और बच्चों से सवाल-जवाब कर उनकी पढ़ाई का स्तर जांचा। उन्होंने खास तौर पर पढ़ने-लिखने और गणित की बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने के निर्देश दिए। शिक्षकों से कहा कि पारंपरिक तरीके छोड़कर पढ़ाई में नए और रोचक तरीके अपनाएं, ताकि बच्चों की सहभागिता बढ़े और सीखने की गुणवत्ता सुधरे।

डीएम ने स्कूल में उपस्थिति रजिस्टर, नामावली और अन्य अभिलेखों की भी जांच की। वहीं परिसर की साफ-सफाई को लेकर सख्त निर्देश देते हुए कहा कि स्कूल का माहौल साफ, सुरक्षित और प्रेरणादायक होना चाहिए।

मिड-डे मील की भी डीएम ने हकीकत जानी। बच्चों से सीधे बात कर भोजन की गुणवत्ता, मात्रा और वितरण की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि योजना में किसी भी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पूरी पारदर्शिता के साथ इसे लागू किया जाए।

इसके अलावा डीएम ने निःशुल्क किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर बच्चों तक पहुंचाने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने बच्चों को चॉकलेट और टॉफी बांटकर उनका उत्साह बढ़ाया। बच्चों ने भी डीएम से खुलकर बातचीत की।

डीएम ने कहा कि अच्छी शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, इसलिए सभी अधिकारी और शिक्षक अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और गंभीरता से निभाएं।

इस मौके पर पीडी डीआरडीए, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और खंड विकास अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *