पांचाल घाट में कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, पुलिसकर्मी और गोताखोर तैनात |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फर्रुखाबाद |

जिले के प्रसिद्ध पांचाल घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंगलवार सुबह से ही गंगा घाट पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह 10:30 बजे तक 20 हजार से अधिक श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा चुके थे।

श्रद्धालुओं का घाट पर पहुंचने का सिलसिला सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार तड़के सुबह करीब 4 बजे से गंगा स्नान शुरू हुआ। जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया, वैसे-वैसे पांचाल घाट के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई। चारों तरफ हर-हर गंगे और मां गंगा के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के साथ पूजा-अर्चना की और सत्यनारायण भगवान की कथा का आयोजन कराया। कई परिवारों ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार भी कराया। दूर-दराज के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं में गंगा स्नान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

सुरक्षा के लिए 100 पुलिसकर्मी तैनात

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पांचाल घाट पर करीब 100 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सिपाही से लेकर इंस्पेक्टर स्तर तक के अधिकारी शामिल हैं।

गंगा में बैरिकेडिंग कराई गई है, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में न जा सकें। घाट पर गोताखोर और पुलिसकर्मी तैनात हैं। वहीं नाव के माध्यम से भी पुलिस लगातार गंगा में निगरानी और गश्त कर रही है।

पांचाल घाट पुल पर धीमी हुई वाहनों की रफ्तार

श्रद्धालु बाइक, कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली से पांचाल घाट पहुंच रहे हैं। भीड़ बढ़ने के कारण पांचाल घाट पुल पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखने के लिए पांचाल घाट चौराहे से पहले बैरिकेडिंग की गई है। ई-रिक्शा के आवागमन पर भी रोक लगाई जा रही है।

वन चेतना में बनाई गई पार्किंग व्यवस्था

वाहनों की भीड़ को देखते हुए पुल के दूसरी ओर उत्तरी बंधा के पास वन चेतना में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़ा कराया जा रहा है, जिससे घाट और पुल के आसपास जाम की स्थिति न बने।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *