शमशाबाद/फर्रुखाबाद।
शिक्षा के साथ आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की दिशा में एवी इंटर कॉलेज शमशाबाद ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विद्यालय के अनुसार छात्रवृत्ति वितरण के मामले में कॉलेज ने शमशाबाद ब्लॉक ही नहीं, बल्कि पूरे जनपद में अपनी अलग पहचान बनाई है। विद्यालय में अध्ययनरत 90 प्रतिशत से अधिक विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ मिलने की जानकारी दी गई है।
शनिवार को विद्यालय परिसर में छात्रवृत्ति वितरण को लेकर विशेष समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को दिखाया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से छात्रवृत्ति की धनराशि भेजे जाने की प्रक्रिया भी दिखाई गई। छात्रवृत्ति का लाभ मिलने से विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता, प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार, छात्रवृत्ति नोडल अरविंद कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर आयुष गुप्ता एवं मुकेश कुमार सहित शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधक विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि एवी इंटर कॉलेज वर्ष 1951 से ‘शिक्षा से ही समृद्धि है’ के उद्देश्य के साथ विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उनका कहना था कि छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने में महत्वपूर्ण सहारा देती हैं।
प्रधानाचार्य प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को मेहनत और लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने का माध्यम भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत कर विद्यालय और अपने परिवार का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार छात्रवृत्ति योजना का लाभ बड़ी संख्या में विद्यार्थियों तक पहुंचना कॉलेज के लिए गौरव की बात है। समारोह के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों में उत्साह का माहौल रहा।

