फतेहगढ़।
थाना कादरी गेट पुलिस ने सिलाई कारखाने से तांबे का तार व अन्य सामान चोरी करने वाले दो अभियुक्तों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किया गया तांबे का तार, पीतल के बर्तन और स्टील की टोटी बरामद की है।
मिली जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर 2026 को मोहम्मद आरिफ (पुत्र बबलू), निवासी अमेठी जगदीश, थाना कादरी गेट, जनपद फतेहगढ़ की लिखित तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पीड़ित ने बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनके सिलाई के कारखाने में घुसकर जनरेटर को खोलकर अल्टरनेटर में लगा तांबे का तार चोरी कर लिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान के दौरान दो अभियुक्तों—अमित उर्फ हल्टर पुत्र राम किशोर और समीर उर्फ बाबा पुत्र बबलू, दोनों निवासी लकूला, थाना कादरी गेट को चोरी के माल के साथ धर दबोचा।
पूछताछ में हुआ जुर्म का खुलासा
पुलिस पूछताछ में अभियुक्तों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि 29-30 सितंबर 2026 की दरमियानी रात उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर सिलाई कारखाने के पीछे की दीवार फांदी थी। कारखाने में रखे जनरेटर की मोटर खोलकर तांबे का तार चुराया और उसे खेतों में छिपा दिया था। तार को आपस में बांटने के बाद वे उसे साफ करके बेचने की फिराक में जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
बरामदगी का विवरण:
- 4 किलो 200 ग्राम तांबे का तार
- 2 पीतल के बर्तन
- 1 स्टील की पानी की टोटी
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
अभियुक्तों को पकड़ने वाली टीम में उपनिरीक्षक/आरक्षी अवधेश कुमार, कृष्ण कुमार कश्यप, अंकुश देशवाल, रक्तावार शरण, उपेंद्र कुमार और पीयूष कुमार शामिल रहे।
पुलिस द्वारा अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

