फर्रुखाबाद न्यूज़:- बुखार से पीड़ित बुजुर्ग महिला की मौत, सीएचसी ले जाते समय तोड़ा दम; ग्रामीणों में दहशत |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
2 Min Read

नवाबगंज/फर्रुखाबाद।

Ad image

नवाबगंज ब्लॉक क्षेत्र के महसोना गांव में सोमवार शाम बुखार से पीड़ित एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। चार दिन से बुखार की चपेट में चल रही महिला की अचानक हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें आनन-फानन में 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नवाबगंज लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी बुखार को लेकर दहशत और चिंता का माहौल है।

महसोना गांव निवासी सूरजमुखी पत्नी श्रीकिशन को करीब चार दिन से बुखार आ रहा था। परिजनों के अनुसार, उनका इलाज गांव में ही निजी चिकित्सक से कराया जा रहा था। परिवार को उम्मीद थी कि उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो जाएगा, लेकिन सोमवार शाम अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। महिला की हालत गंभीर देख परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

एंबुलेंस के पहुंचने के बाद परिजन बुजुर्ग महिला को लेकर सीएचसी नवाबगंज पहुंचे। अस्पताल में चिकित्सकों ने महिला की जांच की, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। सीएचसी नवाबगंज के फार्मासिस्ट आलोक कुमार ने बताया कि महिला को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया गया था।

महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं गांव में भी बुखार से हुई मौत के बाद ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बुखार के मरीज सामने आ रहे हैं, ऐसे में गांव में स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर लोगों की जांच कराई जानी चाहिए।

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से महसोना गांव में विशेष स्वास्थ्य जांच अभियान चलाने, स्वास्थ्य शिविर लगाने तथा बुखार से पीड़ित लोगों की जांच और उपचार की व्यवस्था कराने की मांग की है, ताकि समय रहते बीमारी की स्थिति का पता लगाया जा सके और किसी अन्य अनहोनी को रोका जा सके।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *