बिहार के पंकज कुमार बने INTUC (महासंघ) के राष्ट्रीय सचिव, कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का जताया आभार
पटना
मजदूरों और कामगारों के हकों की आवाज को और बुलंद करने के लिए ‘भारतीय राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (महासंघ) – INTUC’ ने बिहार के पंकज कुमार को संगठन का ‘राष्ट्रीय सचिव’ (National Secretary) नियुक्त किया है। पंकज कुमार वर्तमान में ‘राष्ट्रीय जन उद्योग व्यापार संगठन (बिहार)’ के प्रदेश अध्यक्ष की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं। अब उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर ग्रामीण श्रमिकों और कामगारों के कल्याण व संगठन विस्तार की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अपनी इस नियुक्ति पर पंकज कुमार ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी और जननायक श्री राहुल गांधी जी का हृदय से आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने INTUC के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हौशीलाप्रसाद श्यामनारायण शर्मा जी एवं राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष श्री शैतानसिंह सोलंकी जी के प्रति विशेष कृतज्ञता जाहिर की, जिन्होंने उन पर यह बड़ा भरोसा जताया है।
अपनी नई जिम्मेदारी पर प्रतिक्रिया देते हुए राष्ट्रीय सचिव पंकज कुमार ने कहा, “कांग्रेस पार्टी और इंटक के शीर्ष नेतृत्व ने मुझे जो यह अहम राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है, मैं पूरी निष्ठा के साथ उस पर खरा उतरूंगा। हमारी प्राथमिकता बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित पूरे देश में ग्रामीण श्रमिकों, असंगठित कामगारों और मजदूर भाइयों के अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें सामाजिक सुरक्षा दिलाना है। मजदूरों के सम्मान और उनके हकों के लिए हमारी लड़ाई अब और भी मजबूती से लड़ी जाएगी।”
उन्होंने यह भी घोषणा की कि संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने तथा नई कार्ययोजना तैयार करने के लिए, आगामी 28 अक्टूबर को पटना (बिहार) में एक भव्य प्रांतीय शपथ ग्रहण एवं पदभार ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस समारोह में राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के कई बड़े नेता, प्रतिनिधि और हजारों की संख्या में कामगार हिस्सा लेंगे।

