रिपोर्ट गोपाल सक्सेना |
राजेपुर/फर्रुखाबाद।
थाना राजेपुर क्षेत्र में बुधवार को अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में कांवड़ियों समेत चार लोग घायल हो गए। महेशपुर मोड़ के पास रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत में मां-बेटे घायल हुए, जबकि आईटीआई कॉलेज के पास कंटेनर की टक्कर से कांवड़ियों से भरा ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। दूसरे हादसे में दो कांवड़िए घायल हुए, जिनमें एक को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल रेफर किया गया।

पहला हादसा महेशपुर मोड़ के पास हुआ। पाली निवासी पारस कुमार पुत्र हरिराम अपनी मां आरुन के साथ पिकअप से ताजिया लेकर अपनी बहन के घर राजपुर जा रहे थे। इसी दौरान डाबरी की ओर से आ रही पिकअप की बदायूं की ओर से सवारियां लेकर आ रही फर्रुखाबाद डिपो की रोडवेज बस से मोड़ के पास आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर में पिकअप चालक पारस कुमार और उनकी मां को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया।
दूसरा हादसा बुधवार तड़के करीब चार बजे आईटीआई कॉलेज के पास हुआ। हरिहरपुर गांव निवासी करीब 15 से 20 महिला, पुरुष और बच्चे ट्रैक्टर से पांचाल घाट से गंगाजल लेकर धर्मपुर स्थित मणि मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। आईटीआई कॉलेज के पास ट्रैक्टर खड़ा था। इसी दौरान बदायूं की ओर से आ रहे कंटेनर संख्या HR 58 F 3272 ने खड़े ट्रैक्टर में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हरिहरपुर निवासी सत्यवीर पुत्र महावीर, उम्र करीब 35 वर्ष और नन्हे पुत्र राजेंद्र, उम्र करीब 45 वर्ष घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी राजेपुर पहुंचाया। उपचार के बाद नन्हे की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि दूसरे घायल का उपचार किया गया।
हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि कंटेनर को कब्जे में लेकर राजेपुर थाने भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश की जा रही है। महेशपुर मोड़ वाले हादसे में पिकअप चालक की ओर से तहरीर दिए जाने की बात कही गई है, हालांकि थाना प्रभारी के अनुसार अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

