फर्रुखाबाद में डेयरी क्रांति: अन्नदाता के साथ सरकार, किसानों को मिली योजनाओं की सौगात |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

फतेहगढ़/फर्रुखाबाद।

विकास भवन फतेहगढ़ में बुधवार को आयोजित जनपद स्तरीय डेयरी कॉन्क्लेव किसानों और पशुपालकों के लिए उम्मीदों का बड़ा मंच बन गया। कार्यक्रम में डेयरी विकास, जैविक खेती और पशुपालन को बढ़ावा देने वाली कई महत्वपूर्ण योजनाओं का लाभ पात्र किसानों को दिया गया। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जूम लिंक के माध्यम से देखा गया, जिसके बाद लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष फतेहचन्द्र वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आय बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि गांव-गांव में डेयरी व्यवसाय को मजबूती मिले और किसान आत्मनिर्भर बनें। उन्होंने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी शैलेन्द्र कुमार वर्मा, सहायक निदेशक मत्स्य, कृषि वैज्ञानिक डॉ. अरविन्द कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इस दौरान मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना, मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना तथा नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के चयनित लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र अतिथियों के हाथों वितरित किए गए। विशेषज्ञों ने डेयरी व्यवसाय, आधुनिक पशुपालन और आय बढ़ाने के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी।

उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने किसानों से जैविक खेती और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि भविष्य की खेती जैविक पद्धति पर आधारित होगी और इससे किसानों की आय के साथ-साथ भूमि की उर्वरता भी बढ़ेगी।

मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए किसानों से सरकार की योजनाओं से अधिक से अधिक जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि पशुपालन और डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम बन सकता है।

कार्यक्रम में सृजनी महिला मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी के क्लस्टर मैनेजर आदित्य पाण्डेय ने महिला पशुपालकों को एएमसीयू प्रशिक्षण एवं दुग्ध गुणवत्ता जागरूकता की जानकारी दी। वहीं ज्ञान डेयरी के सहायक प्रबंधक आर.आर. यादव भी मौजूद रहे। वरिष्ठ दुग्ध निरीक्षक एवं मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के नोडल अधिकारी नंदलाल वर्मा ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का सफल संचालन कराया। मंच संचालन युवा साहित्यकार वैभव सोमवंशी ने प्रभावशाली ढंग से किया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *