राजेपुर/फर्रुखाबाद।
पुलिस प्रशासन द्वारा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला बदर घोषित अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में ग्राम वीरसिंहपुर निवासी मनीष पुत्र जगबहादुर, जिसे जिला मजिस्ट्रेट फर्रुखाबाद द्वारा गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत जिला बदर घोषित किया गया था, के विरुद्ध आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराया गया।
पुलिस के अनुसार थाना राजेपुर पुलिस ने आरोपी को जिला बदर आदेश का नोटिस तामील कराते हुए निर्धारित प्रक्रिया पूरी की और उसे जनपद की सीमा से बाहर किया। कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक गौरव कुमार शुक्ला, कांस्टेबल विनय कुमार तथा चालक रविंद्र कुमार पुलिस बल के साथ आरोपी को रामगंगा पुल स्थित फर्रुखाबाद-शाहजहांपुर जनपद सीमा तक लेकर पहुंचे।
वहां पुलिस ने लाउडस्पीकर के माध्यम से जिला बदर आदेश की मुनादी कराई, ताकि आमजन को प्रशासनिक कार्रवाई की जानकारी मिल सके।
थाना प्रभारी नागेंद्र सिंह ने बताया कि जिला बदर आदेश का किसी भी स्थिति में उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि संबंधित व्यक्ति निर्धारित अवधि के दौरान जनपद की सीमा में पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अपराधियों, गुंडा तत्वों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है तथा भविष्य में भी शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई की जाती रहेगी।
