कमालगंज/फर्रुखाबाद।
गणेश महोत्सव के समापन पर शुक्रवार को कमालगंज का माहौल पूरी तरह गणपति भक्ति में रंगा नजर आया। भगवान गणेश की प्रतिमा की विसर्जन यात्रा दोपहर करीब एक बजे धूमधाम के साथ निकाली गई। जैसे ही बप्पा की सवारी विसर्जन के लिए रवाना हुई, पूरा कस्बा “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने अबीर-गुलाल उड़ाकर और पुष्पवर्षा कर विघ्नहर्ता को भावभीनी विदाई दी।

विसर्जन यात्रा में महिलाओं, बच्चों और युवाओं की भारी भीड़ उमड़ी। डीजे पर बज रहे भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। कहीं गुलाल की रंगत बिखरी तो कहीं फूलों की बारिश के बीच बप्पा की जय-जयकार होती रही। श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। गणपति की विदाई के क्षण नजदीक आते ही माहौल भावुक हो गया और कई भक्तों की आंखें नम दिखाई दीं।
जयकारों के बीच पंचाल घाट की ओर बढ़ा काफिला
कमालगंज से शुरू हुई विसर्जन यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पंचाल घाट के लिए रवाना हुई। रास्तेभर श्रद्धालु गणपति की भक्ति में सराबोर रहे। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जगह-जगह लोगों ने गणपति की प्रतिमा के दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया। यात्रा में उमड़ी भीड़ से माहौल पूरी तरह उत्सवमय बना रहा।
पंचाल घाट पहुंचने के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। अगले वर्ष बप्पा के फिर आगमन की कामना के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान भी गणपति बप्पा मोरया के जयघोष गूंजते रहे।
300 पुलिसकर्मियों के घेरे में रही विसर्जन यात्रा
विसर्जन यात्रा को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था में कोई कसर नहीं छोड़ी। करीब 300 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया। कमालगंज के अलावा राजेपुर, मेरापुर और मोहम्मदाबाद समेत कई थानों का पुलिस बल भी तैनात रहा। पुलिसकर्मियों ने यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रखी और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला।
पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी के बीच गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। भक्ति, उल्लास और भावुक विदाई के बीच कमालगंज में गणेश महोत्सव का समापन हुआ।

