कंपिल/फर्रुखाबाद/
ईंट भट्ठे पर लेबर की व्यवस्था को लेकर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक संघर्ष में बदल गया। कंपिल थाना क्षेत्र के गांव धीमर नगला में पहले रात कहासुनी हुई और मामला शांत करा दिया गया, लेकिन मंगलवार सुबह दोनों पक्ष फिर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते गाली-गलौज के बाद लाठी-डंडे चलने लगे। इसी दौरान कथित फायरिंग का वीडियो भी सामने आया, जिसके सोशल मीडिया पर वायरल होने से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
बताया गया कि रात करीब नौ बजे ओमकार और अनार सिंह के पक्ष के लोगों के बीच ईंट भट्ठे पर मजदूरों की व्यवस्था को लेकर कहासुनी हुई थी। ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर उस समय मामला शांत करा दिया। हालांकि, सुबह विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने की बात सामने आई है।
मारपीट के बीच फायरिंग का वीडियो वायरल
घटना के दौरान एक युवक द्वारा कथित रूप से फायरिंग किए जाने का वीडियो किसी व्यक्ति ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस भी मामले को गंभीरता से लेते हुए उसकी जांच में जुटी है। वहीं, एक पक्ष के भाजपा बूथ अध्यक्ष से जुड़े होने की चर्चा भी सामने आई है, हालांकि इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
लेबर और कमीशन को लेकर विवाद की चर्चा
बताया जा रहा है कि ईंट भट्ठों पर मजदूरों की व्यवस्था अक्सर ठेकेदारों के माध्यम से की जाती है। मजदूरों को परिवार समेत दूसरे राज्यों में ले जाकर भट्ठों पर काम दिलाने की व्यवस्था में ठेकेदारों की भूमिका रहती है। इसी व्यवस्था में मिलने वाले कमीशन और मजदूरों की बुकिंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद होने की बात कही जा रही है।
स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि भट्ठा संचालक मजदूरों की व्यवस्था के लिए ठेकेदारों को अग्रिम रकम देते हैं। मजदूरों की उपलब्धता और इस रकम-कमीशन के बंटवारे को लेकर खींचतान बढ़ने पर विवाद ने संघर्ष का रूप ले लिया।
पुलिस खंगाल रही वीडियो और घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य
थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो की भी जांच कराई जा रही है और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फायरिंग की पुष्टि होने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों पक्षों के आरोप-प्रत्यारोप की भी जांच कर रही है।

