महिला प्रकोष्ठ ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज महोत्सव
जलरल फोर्स ब्यूरो
एटा। अखिल भारतीय वार्ष्णेय वेलफेयर एसोसिएशन महिला प्रकोष्ठ की ओर से हरियाली तीज महोत्सव उत्साह एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में भगवान शिव एवं माता पार्वती का स्वरूप धारण कर सभी का मन मोह लिया।
प्रदेश महामंत्री संगठन राजकुमारी सीमा वार्ष्णेय ने भगवान शंकर का स्वरूप धारण किया, जबकि नगर अध्यक्ष गीतु वार्ष्णेय माता पार्वती के रूप में नजर आईं। कार्यक्रम में सावन के मल्हार, तीज के पारंपरिक गीत, झूला और भजन-कीर्तन का आयोजन हुआ। महिलाओं ने सावन के मधुर गीतों एवं भोले बाबा के भजनों के माध्यम से भगवान शिव-पार्वती की आराधना की।
इस दौरान महिलाओं ने उत्साहपूर्वक झूला झूला और सावन की मल्हार गाते हुए हरियाली तीज का आनंद लिया। वक्ताओं ने कहा कि हरियाली तीज प्रकृति की हरियाली, उमंग और खुशहाली का संदेश देने वाला पर्व है। इसी भावना के साथ महिला प्रकोष्ठ ने संगठन के सेवा एवं सामाजिक कार्यों के माध्यम से नगर में सकारात्मकता और खुशहाली का वातावरण बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान आगामी आयोजनों की रूपरेखा पर भी चर्चा हुई। सर्वसम्मति से आगामी दिनों में राधाष्टमी का पर्व भी भव्य एवं उत्साहपूर्वक मनाने का निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में जिलाध्यक्ष आशु वार्ष्णेय, जिला महामंत्री सीमा देव, जिला कोषाध्यक्ष पूनम वार्ष्णेय, जिला सचिव रीना वार्ष्णेय, नगर महामंत्री मंजू वार्ष्णेय एवं नगर कोषाध्यक्ष अलका वार्ष्णेय सहित समस्त पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। क्षिप्रा, तनु, नूपुर, शिल्पी, अनीता, अरु सहित कार्यकारिणी की बहनों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

