फर्रुखाबाद/
जिलाधिकारी डॉ0 अंकुर लाठर एवं पुलिस अधीक्षक आरती सिंह की संयुक्त अध्यक्षता में शासन के निर्देशानुसार “तहसील समाधान दिवस” का आयोजन ऑफिसर क्लब, फतेहगढ़ में किया गया। इस अवसर पर मा0 सांसद मुकेश राजपूत भी उपस्थित रहे। इस दौरान जनसामान्य की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर संबंधित अधिकारियों को उनके गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सदर तहसील में आयोजित “तहसील समाधान दिवस” कुल 81 शिकायती पत्र प्राप्त हुए, जिसमें राजस्व विभाग से 40, पुलिस विभाग से 15, विद्युत विभाग से 07, विकास विभाग से 02, चिकित्सा विभाग से 02 एवं 15 शिकायतें अन्य विभागों से संबंधित रहीं तथा 02 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया।तहसील समाधान दिवस के अवसर पर सांसद ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि फरियादियों की समस्याओं को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की करें। पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए तथा निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से भी फीडबैक लिया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार किया जाए। शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें तथा प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। राजस्व संबंधी मामलों में संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर जाकर प्रकरण की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि तहसील समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर उन्हें प्रभावी एवं पारदर्शी प्रशासन उपलब्ध कराना है।पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसामान्य की शिकायतों का समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी राजीव कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 आनन्द उपाध्याय, उप जिलाधिकारी सदर संजय कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए कपिल कुमार, तहसीलदार सदर विक्रम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी अविनाश चंद्र, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुरलीधर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

