ट्रेन पर पथराव से मचा हड़कंप, जीआरपी ने दर्ज की एफआईआर

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट पर यात्रियों के दो पक्षों में मारपीट के बाद हुई पत्थरबाजी, आरोपी चिन्हित करने में जुटी पुलिस |

शिकोहाबाद से कासगंज जा रही पैसेंजर ट्रेन में बुधवार शाम यात्रियों के बीच हुए विवाद ने उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट पर ट्रेन पर पथराव कर दिया गया। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। मामले में एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात सिपाही की तहरीर पर मैनपुरी जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत ऊगरपुर स्टेशन से हुई थी। एस्कॉर्ट ड्यूटी पर तैनात मैनपुरी जीआरपी के सिपाही यशपाल ने शिकायत में बताया कि उन्हें ट्रेन की चौथी बोगी में दो यात्रियों के बीच मारपीट और कहासुनी की सूचना मिली थी। भीड़ अधिक होने के कारण वह तत्काल कोच के अंदर नहीं पहुंच सके।

जब ट्रेन श्रीमद् द्वारिकापुरी हाल्ट पर रुकी तो वहां पहले से मौजूद चार-पांच लोग एक यात्री को जबरन नीचे खींचने लगे। सिपाही और अन्य लोगों ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ। ट्रेन चलने से पहले ही आरोपी युवक को नीचे उतारने में सफल हो गए।

ट्रेन के आगे बढ़ते ही नीचे खड़े करीब नौ-दस लोगों ने ट्रेन पर पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। अचानक हुए पथराव से यात्रियों में दहशत फैल गई और लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए ट्रेन की खिड़कियां बंद कर लीं। हालांकि घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

मैनपुरी जीआरपी थाना प्रभारी सोनू शर्मा ने बताया कि सिपाही की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पथराव और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *