कायमगंज/फर्रुखाबाद |
दीपावली महापर्व के ठीक पहले नगर पालिका परिषद कायमगंज द्वारा व्यापारियों को जारी किए गए नोटिस को लेकर व्यापारी वर्ग में चिंता और रोष देखने को मिल रहा है। इस संबंध में व्यापार मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उप जिलाधिकारी महोदय एवं अधिशाषी अधिकारी, नगर पालिका परिषद कायमगंज को एक ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने मांग की है कि आगामी दीपावली के पावन पर्व को देखते हुए व्यापारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की दंडात्मक या अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई न की जाए।
व्यापार मंडल के नेताओं का कहना है कि देश का व्यापारी समाज राष्ट्र का प्रमुख टैक्सदाता होने के साथ-साथ देश की रीढ़ और गौरव है। त्यौहारों का यह समय व्यापारियों के लिए वर्ष का सबसे महत्वपूर्ण व्यवसायिक समय होता है। ऐसे समय में अचानक नोटिस जारी कर कार्रवाई करने से व्यापारियों को भारी आर्थिक और मानसिक क्षति का सामना करना पड़ सकता है।
प्रमुख मांगें
- दीपावली तक रोक: आगामी दीपावली महापर्व को ध्यान में रखते हुए जारी किए गए नोटिस के तहत व्यापारियों के खिलाफ किसी भी प्रकार की कार्रवाई तुरंत रोकी जाए।
- सकारात्मक संवाद: दीपावली का त्यौहार संपन्न होने के बाद, व्यापार मंडल और प्रशासन के बीच आपसी बैठक और विचार-विमर्श किया जाए, ताकि शहर में अतिक्रमण से संबंधित समस्याओं का उचित और सौहार्दपूर्ण समाधान निकाला जा सके।
ज्ञापन देने वाले वाले प्रमुख व्यापारी नेता मनोज कौशल वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष, पवन गुप्ता प्रदेश उपाध्यक्ष, संजय गुप्ता जिला अध्यक्ष, अमित सेठ नगर अध्यक्ष, संजीव अग्रवाल नगर महामंत्री, जितेन्द्र रस्तोगी विधानसभा अध्यक्ष आदि लोग मौजूद रहे |
