गैसिंगपुर में सपा का शक्ति प्रदर्शन: मोनू राठौर के पुत्र ने समर्थकों संग थामा साइकिल का हैंडल, 2027 में हमारी ही होगी जीत |

2 Min Read

फर्रुखाबाद।

समाजवादी पार्टी ने संगठन विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए अपनी ताकत बढ़ाने का दावा किया है। पार्टी की मासिक बैठक के दौरान मोहम्मदाबाद क्षेत्र के गेसिंगपुर प्रधान शरद राठौर उर्फ मोनू राठौर के पुत्रों ने अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।

जिला मुख्यालय पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव ने की। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ आगामी रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में विशेष रूप से बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया गया, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूती मिल सके।

बैठक का सबसे अहम क्षण तब आया जब गेसिंगपुर प्रधान मोनू राठौर के पुत्र विशाल सिंह राठौर और प्रशांत सिंह राठौर ने अपने समर्थकों के साथ सपा की सदस्यता ली। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए इसे मोहम्मदाबाद क्षेत्र में संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। नेताओं का कहना है कि युवाओं के जुड़ने से पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूती मिलेगी।

इस मौके पर संगठन में नई जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं। प्रधान पवन कठेरिया को सदर विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी नियुक्त किया गया, जिससे संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करने की कोशिश की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सपा नेताओं ने पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) मुद्दे को मजबूती से उठाया और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर जनता के बीच जाने की अपील की। नेताओं ने दावा किया कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और वर्ष 2027 में समाजवादी पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।

बैठक में पूर्व विधायक उर्मिला राजपूत, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आगामी चुनावों को लेकर अभी से पूरी ताकत झोंकने का संकल्प लिया।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *