शकुन्तला देवी बालिका इंटर कॉलेज का ज़लवा : शत-प्रतिशत रहा परीक्षा परिणाम, छात्राओं ने रचा इतिहास |

2 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद/

शिक्षा के क्षेत्र में एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शकुन्तला देवी बालिका इंटर कॉलेज, कायमगंज ने वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। विद्यालय की इस शानदार उपलब्धि से न सिर्फ छात्राओं बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा में कुल 75 छात्राओं ने प्रतिभाग किया और सभी ने सफलता प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। इस परीक्षा में कु. मानवी ने 87.33 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि नेमा देवी ने 87 प्रतिशत अंक पाकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

वहीं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में कुल 128 छात्राओं ने हिस्सा लिया, जिसमें कु. प्रिंसी पाल ने 87.6 प्रतिशत अंक अर्जित कर विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया। आयुषी यादव ने 85 प्रतिशत अंक के साथ द्वितीय स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

विद्यालय के इस उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम पर प्रबंध निदेशक लक्ष्मीनारायण अग्रवाल एवं मोनिका अग्रवाल ने समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और प्रधानाचार्य को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता शिक्षकों की मेहनत, अनुशासन और छात्राओं के समर्पण का परिणाम है।

उन्होंने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे न केवल शिक्षा में बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ें, संस्कारवान, नीतिवान और गुणवान बनें तथा अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा के साथ-साथ रोजगार के नए अवसरों को अपनाना और आत्मनिर्भर बनना समय की आवश्यकता है।

इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं और छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह परिणाम एक बार फिर साबित करता है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं, बल्कि निरंतर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *