अज्ञात युवती का शव मिलने से क्षेत्र में फैली सनसनी, धारदार हथियार से की गई हत्या |

2 Min Read

जहानगंज/ फर्रुखाबाद /

जहानगंज थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। शुक्रवार रात छिबरामऊ मार्ग पर काली नदी पुल के पास एक अज्ञात युवती का शव बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, युवती की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या की गई है और वारदात को छिपाने के इरादे से शव को सड़क किनारे खाई में फेंक दिया गया।

राहगीरों से मिली सूचना

कन्नौज के छिबरामऊ थाना क्षेत्र (उधरनपुर) के निवासी प्रेम चतुर्वेदी को शुक्रवार रात कुछ बाइक सवारों ने सड़क किनारे शव पड़े होने की जानकारी दी। इस पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। प्रारंभिक सूचना पर छिबरामऊ की साईंमीर चौकी प्रभारी रामजीत तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

जहानगंज पुलिस और फॉरेंसिक टीम की कार्रवाई चूंकि घटनास्थल जहानगंज थाने के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए तत्काल स्थानीय पुलिस को भी सूचना दी गई। जहानगंज थाने से दरोगा रामबाबू, ब्रजेश और कन्हैया लाल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पाया कि शव पुल के पास सड़क से करीब 15 फीट नीचे झाड़ियों में पड़ा था। मृतका ने टी-शर्ट और लोअर पहना हुआ था, और उसकी टी-शर्ट सिर से लेकर पेट तक पूरी तरह खून से सनी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत घेराबंदी कर फॉरेंसिक टीम को बुलाया और घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए। घटना की सूचना मिलने पर छिबरामऊ इंस्पेक्टर कपिल दुबे ने भी मौके पर पहुंचकर मुआयना किया।

शिनाख्त के प्रयास जारी

जहानगंज थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी ने बताया कि मृतका के शरीर पर चोट के गहरे निशान हैं, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस युवती की पहचान कराने और आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगालने के प्रयास में जुटी हुई है। अज्ञात हत्यारों की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *