फर्जी मुकदमों में फंसाकर बर्बाद किया जीवन, एसपी से लगाई न्याय की गुहार |

By
Manoj Jauhri
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित...
3 Min Read

कायमगंज/फर्रुखाबाद।

क्षेत्र के निवासी एक ड्राइवर ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपकर निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की है। पीड़ित का आरोप है कि उसे फर्जी मुकदमों में फंसाया गया, जबरन उठाया गया और उसकी मेहनत की कमाई से खरीदी गई गाड़ियां भी बर्बादी के कगार पर पहुंच गईं।

थाना कायमगंज क्षेत्र के गांव डुंडी नगला निवासी मुबीन पुत्र रफत खां ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह ट्रक और मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। आरोप है कि वर्ष 2023 में थाना मेरापुर में दर्ज एक मुकदमे में उसका नाम जोड़ दिया गया, जबकि उसका उस मामले से कोई संबंध नहीं था।

मुबीन ने आरोप लगाया कि 23 जून 2023 को वह ट्रक संख्या UP 76 AT 6246 से हरदोई से चौकी का पॉलिश लेकर कायमगंज आ रहा था। तभी रास्ते में सादे कपड़ों में आए कुछ लोगों ने उसे जबरन ट्रक से नीचे उतार लिया। पीड़ित का दावा है कि उन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और उसे क्राइम ब्रांच कार्यालय ले जाने की बात कही। इस दौरान उसका मोबाइल फोन और करीब 25 हजार रुपये किराया भी कथित तौर पर ले लिया गया।

पीड़ित का कहना है कि अगले दिन उसे थाना कायमगंज ले जाया गया, जहां उसके खिलाफ कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया। बाद में उस पर गैंगस्टर एक्ट भी लगा दिया गया, जबकि उसके अनुसार उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है।

मुबीन ने बताया कि उसने वर्ष 2019 में डाउन पेमेंट कर Mahindra Magic खरीदी थी और वर्ष 2020 में Tata Truck फाइनेंस कराया था। लेकिन मुकदमों और जेल जाने के कारण वह किस्तें जमा नहीं कर सका, जिससे दोनों वाहन फाइनेंस कंपनियों द्वारा ब्लैकलिस्ट और ब्लॉक कर दिए गए।

पीड़ित ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर उसे न्याय दिलाने और उसकी आजीविका बचाने की मांग की है।

अब सवाल यह उठ रहा है कि अगर आरोप सही हैं तो आखिर एक मेहनतकश ड्राइवर को इस तरह सिस्टम के जाल में क्यों फंसना पड़ा? पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Subscribe Newsletter

Loading
Share This Article
Manoj Jauhri ब्यूरो चीफ (फर्रुखाबाद) - एक अनुभवी पत्रकार हैं, जो राजनीति, अपराध, शिक्षा, मनोरंजन और स्थानीय समाचारों पर पोस्ट करते हैं। वे तथ्यों पर आधारित और विश्वसनीय समाचार सामग्री तैयार करने में विशेषज्ञता रखते हैं।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *