फर्रुखाबाद। जिले के युवाओं के लिए रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा हासिल करने का सुनहरा अवसर शुरू हो गया है। राजकीय एवं निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश प्रक्रिया शनिवार से प्रारंभ हो गई। इच्छुक अभ्यर्थी 4 अगस्त की रात 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी प्रकार का आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
नोडल आईटीआई फर्रुखाबाद के प्रधानाचार्य राजवीर सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित पोर्टल पर जाकर आवेदन पत्र भरना होगा तथा निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थी आवेदन करने से पहले अपनी शैक्षिक योग्यता, आवश्यक दस्तावेज और पसंदीदा ट्रेड का चयन सावधानीपूर्वक करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के अभ्यर्थियों के लिए 300 रुपये, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए 150 रुपये तथा सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए मात्र 100 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
जनपद में संचालित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में युवाओं के लिए कई रोजगारपरक ट्रेड उपलब्ध हैं। नोडल आईटीआई फर्रुखाबाद में 18 ट्रेडों में प्रशिक्षण दिया जाएगा, जबकि आईटीआई अमृतपुर और कायमगंज में 12-12 ट्रेड संचालित किए जाएंगे। इनमें इलेक्ट्रिशियन, डीजल मैकेनिक, मोटर व्हीकल मैकेनिक, कृषि यंत्र मैकेनिक, ड्रेस मेकिंग, ब्यूटीशियन सहित कई ऐसे ट्रेड शामिल हैं, जिनकी वर्तमान समय में रोजगार के क्षेत्र में अच्छी मांग है।
विभाग के अनुसार पिछले वर्ष प्रवेश प्रक्रिया चार चरणों में पूरी होने के बावजूद कुछ ट्रेडों में सीटें रिक्त रह गई थीं। ऐसे में इस बार अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय रहते आवेदन करें, ताकि पसंदीदा ट्रेड में प्रवेश मिलने की संभावना अधिक रहे।
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में आईटीआई का विशेष महत्व माना जाता है। यहां से प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को उद्योगों, निजी कंपनियों तथा स्वरोजगार के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिलते हैं। ऐसे में जिले के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए यह प्रवेश प्रक्रिया भविष्य संवारने का महत्वपूर्ण अवसर साबित हो सकती है।
